By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026
जयपुर, 29 जुलाई दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तट पर बने मौसमी तंत्र के प्रभाव से बुधवार से राज्य के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भी 30 जुलाई से दो अगस्त के दौरान मानसून के फिर से सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी और कुछ जगहों पर अति भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 117 मिलीमीटर बारिश मालपुरा में दर्ज की गई।
इसके अलावा टोंक में 103 मिलीमीटर और जायल में 101 मिलीमीटर बारिश हुई।