राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों से भारत के निर्माण में मदद मिली: राहुल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 20, 2019

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं अपने पिता राजीव गांधी की 75वीं जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनसे मिली शिक्षाको याद किया। राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों से भारत के निर्माण में मदद मिली। उन्होंने ट्वीट कर कहा, आज हम राजीव गांधी जी की 75वीं जयंती मना रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: 75वीं जयंती पर याद किए गए पूर्व PM राजीव गांधी

राजीव एक देशभक्त और दूरदर्शी व्यक्ति थे तथा जिनकी दूरदर्शी नीतियों ने भारत के निर्माण में मदद की। राहुल ने कहा, मेरे लिए वह एक बहुत प्यार करने वाले पिता थे जिन्होंने मुझे सिखाया कि कभी किसी से नफरत मत करो, माफ करो और सभी इंसानों से प्यार करो। प्रियंका ने कहा,  अपने पिता से मैंने सीखा कि लोगों की बातों को कैसे सुना जाए और उनके लिए अपने दिल में जगह बनाई जाए, चाहे वो हमसे कितने भी विपरीत हों।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को मजबूत रखा जिसकी वजह से ही मोदी आज प्रधानमंत्री है: गहलोत

राजीव गांधी की 75वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है जिनमें बतौर प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान और उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा। अक्टूबर, 1984 से दिसंबर 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त, 1944 को हुआ था। जब राजीव प्रधानमंत्री बने थे तब उनकी उम्र केवल 40 साल थी। वह देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे।