By अभिनय आकाश | Oct 13, 2026
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चेक गणराज्य के पहले उप-प्रधानमंत्री और उद्योग व व्यापार मंत्री कारेल हावलिचेक ने मंगलवार को दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए 'भारत-चेक संयुक्त रक्षा समिति' के तहत सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। रक्षा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, नई दिल्ली में हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा सहयोग और कई संयुक्त उपक्रमों की सफल स्थापना का स्वागत किया और रक्षा औद्योगिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक की जानकारी एक्स पर साझा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा आज नई दिल्ली में चेक गणराज्य के उप-प्रधानमंत्री और उद्योग व व्यापार मंत्री कारेल हावलिचेक के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने रक्षा औद्योगिक सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की और विभिन्न संयुक्त उपक्रमों की प्रगति व सफलता को देखकर खुशी हुई। हमने 'आत्मनिर्भर भारत' को बढ़ावा देने के लिए 'भारत-चेक संयुक्त रक्षा समिति' के तहत इस सहयोग को और बढ़ाने पर भी सहमति जताई।