BRICS बैठक में मंत्री Raksha Khadse: देश में 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स, छोटे शहरों तक बढ़ी पहुंच

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 20, 2026

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे ने बुधवार को कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या दो लाख के आंकड़े को पार कर गई है और इन नव उद्यमों का विस्तार छोटे शहरों में भी हो रहा है। खडसे ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में इंदौर में शुरू हुई ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्यसमूह की बैठक के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की। यह बैठक ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ विषय पर केंद्रित है। केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में पिछले 10 साल के दौरान देश में स्टार्टअप और नवोन्मेषण वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा,‘‘भारत में फिलहाल दो लाख से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं और इनकी पहुंच बड़े शहरों के साथ ही छोटे शहरों तक भी बढ़ी है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ब्रिक्स की पिछली बैठक में यह विषय सामने आया था कि भारत में स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और अनुभवों को सदस्य देशों के साथ साझा किया जाए ताकि उन्हें सर्वोत्तम व्यवहार को समझने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि बैठक में ब्रिक्स के लगभग सभी देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण कुछ प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन वे वर्चुअल माध्यम के जरिये बैठक से जुड़ रहे हैं।

बैठक में मध्यप्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने बताया कि दो दिन तक चलने वाली इस बैठक में डिजिटल नवाचार, समावेशन और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही, सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने और साझेदारी की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। 

प्रमुख खबरें

Supreme Court में नियुक्तियों पर भेदभाव का आरोप, पूर्व CJI Gavai ने President को लिखा पत्र

NDA सरकार ने Delimitation Bill संशोधनों को दी मंजूरी, Lok Sabha सीटें 50% बढ़ेंगी

Voter List Draft 15 दिसंबर को होगा जारी, Bengal में 14 जनवरी तक दे सकेंगे दावे-आपत्तियां

Karthigai Deepam विवाद: Supreme Court में ASI बोली, पुलिस ने रोकी टीम