राष्ट्रीय खेल: राम बाबू ने पुरुषों की 35 किमी पैदल चाल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 05, 2022

उत्तर प्रदेश के राम बाबू ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन स्वर्ण पदक जीतने के दौरान पुरुषों की 35 किमी पैदल चाल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। शारीरिक शिक्षा में स्नातक राम बाबू ने दो घंटे 36 मिनट और 34 सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता। उन्होंने दो घंटे 40 मिनट और 16 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा जो हरियाणा के जुनैद खान के नाम था। जुनैद मंगलवार को दो घंटे 40 मिनट और 51 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

वह पिछले साल वारंगल में राष्ट्रीय ओपन चैंपियनशिप में पहली बार आयोजित हुई इस स्पर्धामें चैंपियन बने थे। उन्होंने दो घंटे 46 मिनट और 31 सेकेंड का समय लिया था। उन्होंने इस साल अप्रैल में रांची में राष्ट्रीय पैदल चाल चैंपियनशिप में दो घंटे 41 मिनट 30 सेकेंड का समय लिया था लेकिन जुनैद खान ने उन्हें पछाड़ते हुए दो घंटे 40 मिनट और 16 सेकेंड के समय के साथ तत्कालीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। भारोत्तोलन में उत्तर प्रदेश की पूर्णिमा पांडे ने महिलाओं के +87 किग्रा वर्ग में पीठ में जकड़न के बावजूद स्वर्ण पदक जीता।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में छठे स्थान पर रहने वाली पूर्णिमा ने स्नैच में 95 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 120 किग्रा के साथ कुल 215 किग्रा वजन उठाया। महाराष्ट्र की ऋचा चोरडिया और संयुक्ता काले ने वडोदरा में समा इंडोर खेल परिसर में लयबद्ध जिम्नास्टिक में शीर्ष स्थान हासिल किया। ठाणे की संयुक्ता ने 26.05 अंकों के साथ हूप स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि ऋचा ने गेंद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 25.30 अंक हासिल किए। महाराष्ट्र ने खो-खो में दोहरी स्वर्णिम सफलता हासिल की। महाराष्ट्र के पुरुषों ने केरल को 30-26 से हराया।

महिला टीम ने इससे पहले ओडिशा को 18-16 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। राजकोट में गुजरात की प्रमुख तैराक माना पटेल ने पिछले दो दिनों से रिले में तैराकी के बाद व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। वह 200 मीटर बैकस्ट्रोक (दो मिनट और 24.05 सेकेंड) और 50 मीटर फ्रीस्टाइल दोनों में शुरुआती दौर (हीट) में शीर्ष पर रहीं। माना पटेल ने फ्रीस्टाइल स्प्रिंट में राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा।

उन्होंने 26.60 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ 2015 में अदिति धूमतकर के 26.90 सेकेंड के प्रदर्शन में सुधार किया। सूरत में बैडमिंटन स्पर्धाओं में शीर्ष वरीयता प्राप्त बाएं हाथ की मालविका बंसोड़ (महाराष्ट्र) ने महिला एकल के पहले दौर में उन्नति हुड्डा (हरियाणा) को 22-20, 21-13 से हराया। अपने पहले दौर के मैचों में जीत के बाद दूसरी वरीयता प्राप्त आकर्षी कश्यप (छत्तीसगढ़) और स्थानीय खिलाड़ी तसनीम मीर क्वार्टर फाइनल में आमने सामने होंगी।

प्रमुख खबरें

Shardiya Navratri 2026: घटस्थापना का शुभ Muhurat और मां Shailputri की पूजन विधि

Delhi में इंटरनेट पाबंदी पर Omar Abdullah का तंज, बोले- नए J&K मॉडल में स्वागत है

Gurdwara Bangla Sahib में जूते पहनकर घुसने का झूठा Video फैलाने वालों पर Delhi Police दर्ज करेगी केस

JPNIC पर बढ़ाई गई सुरक्षा, Jayaprakash Narayan जयंती पर पहुंच सकते हैं Akhilesh Yadav