By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026
भारत के पूर्व स्पिनर रमेश पोवार को सोमवार को राष्ट्रीय पुरुष सीनियर चयन समिति में शामिल किया गया जबकि प्रज्ञान ओझा पैनल के अध्यक्ष बने रहेंगे। ओझा ने अजित अगरकर की जगह ली है जिनका कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त हो गया था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि अंतरिम प्रमुख ओझा वरिष्ठता (टेस्ट मैच की संख्या) के आधार पर समिति की अध्यक्षता करेंगे। बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर ओझा ने अपने पांच साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में 24 टेस्ट खेले थे। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘पूर्व भारतीय बल्लेबाज अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने सर्वसम्मति से पोवार की नियुक्ति की सिफारिश की।’’ अपने क्रिकेट करियर के दौरान 48 वर्षीय पोवार ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इसके बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी कई जिम्मेदारियां निभाईं। वह भारतीय महिला टीम, मुंबई और गुजरात के मुख्य कोच रहे हैं। इसके अलावा वह यहां बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र में गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। भारतीय महिला टीम के साथ पोवार के कार्यकाल के दौरान टीम ने 2022 में एशिया कप का खिताब जीता और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया। पोवार का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही छोटा रहा लेकिन वह मुंबई के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने 148 प्रथम श्रेणी मैच में 470 विकेट लिए। वह निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी रहे और उन्होंने सात शतक तथा 17 अर्धशतकों की मदद से 4,245 रन बनाए। पीटीआई को मिली जानकारी के अनुसार नए चयनकर्ता के लिए चयन प्रक्रिया 15 अक्टूबर को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में हुई थी। पोवार के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर सलिल अंकोला, वसीम जाफर, जैकब मार्टिन और कोनोर विलियम्स भी साक्षात्कार में शामिल हुए थे। हालांकि सीएसी के सदस्यों ने चयन समिति के नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखने के लिए पोवार के नाम पर मुहर लगाई। यह व्यवस्था कम से कम 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप को देखते हुए की गई है। जाफर ने 2000 से 2008 के बीच भारत के लिए 31 टेस्ट खेले थे। उन्होंने 34 के औसत से 1,944 रन बनाए जिसमें पांच शतक शामिल हैं। अगर मुंबई के इस पूर्व बल्लेबाज को चुना जाता तो वह चयन समिति के अध्यक्ष पद पर ओझा की जगह लेते। बीसीसीआई ने चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में भारतीय क्रिकेट में उल्लेखनीय योगदान के लिए अगरकर की भी सराहना की। सैकिया ने कहा, ‘‘बीसीसीआई पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और योगदान के लिए अजित अगरकर के प्रति आभार व्यक्त करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जुलाई 2023 में नियुक्ति के बाद अगरकर ने ऐसे महत्वपूर्ण दौर में समिति का नेतृत्व किया जब भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी, दो एशिया कप खिताब और लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते।’’ पुरुष चयन समिति: प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार। भाषा