By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी के एक मैच में मंगलवार को सेना के खिलाफ सात रन की शानदार जीत हासिल की। पालम ए ग्राउंड पर खेले गए कम स्कोर वाले मैच में सेना की टीम 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में 148 रन पर आउट हो गई। बंगाल की तरफ से प्रदीप्ता प्रमाणिक सबसे सफल गेंदबाज रहे।
इस ग्रुप के पालम स्थित दूसरे एयर फोर्स ग्राउंड में खेले जा रहे मैच में गुजरात अभी दिल्ली से 285 रन पीछे है। दिल्ली ने अपनी पहली पारी छह विकेट 648 रन पर घोषित कर दी थी। इसके जवाब में गुजरात ने पांच विकेट पर 363 रन बनाए हैं।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय मनन हिंगराजिया 108 रन पर और चितन गाजा 41 रन पर खेल रहे थे। पुणे में महाराष्ट्र ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 527 रन बनाकर समाप्त घोषित की और इस तरह से झारखंड पर 358 रन की विशाल बढ़त हासिल की। झारखंड ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 130 रन बनाए हैं और अभी वह महाराष्ट्र से 228 रन पीछे है।
महाराष्ट्र की तरफ से रुतुराज गायकवाड़ (नाबाद 101), अंकित बावने (नाबाद 169) और दिग्विजय पाटिल (148) ने शतक जमाए। झारखंड ने अपनी पहली पारी में 169 रन बनाए थे।