By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
बाएं हाथ के स्पिनर शिखर शेट्टी के पांच विकेट से कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-बी मुकाबले के पहले दिन सोमवार को अनुभवहीन त्रिपुरा को पहली पारी में 194 रन पर समेट दिया। शेट्टी ने 54 रन देकर पांच विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने तीसरी बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
कर्नाटक की टीम अब भी त्रिपुरा से 184 रन पीछे है। इक्कीस वर्षीय शेट्टी को तेज गेंदबाज मनवंत कुमार का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 23 रन देकर तीन विकेट झटके। मनवंत ने पिछले सप्ताह सौराष्ट्र के खिलाफ मुश्किल परिस्थिति में कर्नाटक को संभाला था।
उन्होंने अपने दूसरे ही प्रथम श्रेणी मैच में संघर्षपूर्ण शतक जड़कर टीम को संकट से उबारा था। कर्नाटक के दोनों गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाकर रखा जिसके सामने त्रिपुरा के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। त्रिपुरा की पहली पारी में सबसे बड़ी साझेदारी बिक्रमकुमार दास और ऋतुराज घोष रॉय के बीच हुई।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े। दास ने 51 रन बनाए जबकि घोष रॉय ने 13 रन का योगदान दिया। तेज गेंदबाज विशाक विजयकुमार ने दास को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
निचले क्रम में बिक्रम देबनाथ ने नाबाद 33 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और त्रिपुरा की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। त्रिपुरा को हालांकि मयंक अग्रवाल का विकेट लेकर कुछ राहत जरूर मिली है। अब उसे दूसरे दिन कर्नाटक पर दबाव बनाने के लिए सुबह के सत्र में जल्द विकेट हासिल करने होंगे।
विजयवाड़ा में एक अन्य मैच में छत्तीसंगढ़ ने जयंत यादव (75 रन देकर चार विकेट) और अजय मंडल (56 रन देकर तीन विकेट) की मदद से आंध्र को 231 रन पर समेट दिया जिसके लिए राहुल सीराम ने 89 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। छत्तीसगढ़ ने स्टंप तक एक विकेट खोकर 35 रन बना लिए थे। वहीं सिकंदराबाद में पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह (81 रन), रमनदीप सिंह (52 रन) और सलील अरोड़ा (नाबाद 57 रन) के अर्धशतकों से हैदराबाद के खिलाफ स्टंप तक पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 289 रन बना लिए।
हैदराबाद के लिए रक्षण रेड्डी ने 53 रन देकर दो विकेट हासिल किए। राजकोट में असम ने दानिश दास (90 रन) और शिवशंकर रॉय (नाबाद 59 रन) के अर्धशतकों की बदौलत सौराष्ट्र के खिलाफ स्टंप तक 93 ओवर में छह विकेट गंवाकर 235 रन बना लिए थे।