रवीना ने अंतिम दिन जीता स्वर्ण, भारत ने 11 पदकों के साथ अभियान समाप्त किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 28, 2022

मौजूदा एशियाई चैम्पियन रवीना ने दमखम के साथ मजबूत प्रदर्शन की बदौलत 63 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक जीता जिससे भारत ने स्पेन के ला नुसिया में युवा पुरूष और महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में अपना अभियान 11 पदकों के साथ खत्म किया। रवीना ने फाइनल में नीदरलैंड की मेगन डेक्लेर के खिलाफ अच्छी शुरूआत नहीं करने के बावजूद अपनी तकनीकी क्षमता और तेज गति का भरपूर उपयोग करके प्रभावशाली वापसी की। संघर्ष से भरपूर रहा यह कड़ा मुकाबला एशियाई युवा 2022 की स्वर्ण पदक विजेता रवीना के पक्ष में समाप्त हुआ।

कुल मिलाकर 17 भारतीयों ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था जो 2022 संस्करण में किसी भी अन्य देश से अधिक है। भारतीय महिला मुक्केबाज कुल आठ पदकों के साथ चैम्पियनशिप के इस साल चरण में सबसे आगे रहीं। उनके बाद कजाकिस्तान (5) और उज्बेकिस्तान (4) हैं। पुरूष वर्ग में युवा एशियाई चैम्पियन वंशज (63.5 किग्रा) और विश्वनाथ सुरेश (48 किग्रा) ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते जबकि आशीष (54 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया।

महिलाओं में रवीना (63 किग्रा) और देविका घोरपड़े (52 किग्रा) ने स्वर्ण जीते। कीर्ति (+81 किग्रा), भावना शर्मा (48 किग्रा) को रजत पदक मिले जबकि मुस्कान (75 किग्रा), लशु यादव (70 किग्रा), कुंजारानी देवी थोंगम (60 किग्रा) और तमन्ना (50 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते। इस साल की चैम्पियनशिप में 73 देशों के करीब 600 मुक्केबाजों ने भाग लिया।

प्रमुख खबरें

अनिल अंबानी की RCom पर CBI का शिकंजा, ₹2929 करोड़ Bank Fraud केस में दो टॉप अधिकारी गिरफ्तार

GT vs MI Playing XI: नहीं हुई रोहित शर्मा की वापसी, देखें मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11

Summer Rush से निपटने को Railway तैयार, देशभर में चलेंगी 18,262 Special Trips

PM Modi के उद्घाटन से 24 घंटे पहले Rajasthan Refinery में भीषण आग, CM भजनलाल शर्मा मौके पर