By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 07, 2024
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक और बैंक इंडोनेशिया (बीआई) ने बृहस्पतिवार को द्विपक्षीय व्यापार में स्थानीय मुद्रा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये। आरबीआई ने बयान में कहा कि सीमापार लेनदेन के लिए भारतीय रुपये और इंडोनेशियाई रुपैया (आईडीआर) के उपयोग को बढ़ावा देने को लेकर व्यवस्था बनाने के लिए यहां समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि यह सहयोग आरबीआई और बीआई के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें कहा गया है कि द्विपक्षीय लेनदेन में स्थानीय मुद्राओं का उपयोग अंततः भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ वित्तीय एकीकरण तथा आपसी लंबे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में योगदान देगा।