By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 28, 2025
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के दंगा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले में क्षतिग्रस्त मंदिरों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का काम अक्षय तृतीया से शुरू होगा।
अधिकारी ने यह दावा भी किया, ‘‘हिंदू विरोधी ममता बनर्जी सरकार से कोई वित्तीय सहायता स्वीकार नहीं की जाएगी। मैं दोहराता हूं कि सभी खर्च हिंदू खुद वहन करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुर्शिदाबाद के हिंदुओं को उनके गांव और पड़ोस के मंदिरों में पूजा करने के उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। ये पूजा स्थल तीर्थ स्थलों की तरह ही महत्वपूर्ण हैं।’’
केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी कहा कि वह जिले में क्षतिग्रस्त मंदिरों का दौरा करेंगे। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में वक्फ कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद के कई इलाकों में हिंसा हो गई जिसमें तीन लोग मारे गए थे। हिंसा के दौरान कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई, जिससे कई लोगों को पड़ोसी मालदा जिले में राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी।