रूस पर घटेगी निर्भरता? Venezuela से Crude Oil खरीदने के लिए Reliance को US से मिली हरी झंडी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 13, 2026

 उद्योगपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद के लिए अमेरिका से लाइसेंस मिल गया है। इस अनुमति से देश की सबसे बड़ी निजी रिफाइनिंग कंपनी आरआईएल रियायती दर पर उपलब्ध भारी कच्चे तेल का आयात कर सकेगी। वेनेजुएला का कच्चा तेल गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस रिफाइनरी की संरचना के अनुकूल है और उसके रिफाइनिंग मार्जिन को बेहतर बना सकता है।

 रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड को कच्चे तेल को वेनेजुएला से खरीदना का मिला लाइसेंस

इस मामले से परिचित सूत्रों ने कहा कि जनवरी के अंत में अमेरिका ने कुछ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को वेनेजुएला से सीधे तेल खरीदने की सामान्य अनुमति दी। इससे पहले अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण वेनेजुएला से सीधे तेल खरीद पर रोक लगी हुई थी और तेल की आपूर्ति कारोबारियों के माध्यम से हो रही थी। पिछले महीने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंदी बनाकर अमेरिकी जेल में भेज दिए जाने के बाद से ही वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी।

उसके बाद से अमेरिका ने अपने प्रतिबंधों को शिथिल भी कर दिया है। हालांकि वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदने का अमेरिकी लाइसेंस मिलने के बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई। गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग परिसर संचालित करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अमेरिकी प्रतिबंध लगने से पहले वेनेजुएला के कच्चे तेल की नियमित खरीदार थी। हालांकि 2019-20 में वेनेजुएला की मादुरो सरकार पर अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह आयात रुक गया था। लेकिन वर्ष 2024 में मिली अस्थायी राहत के दौरान रिलायंस ने वेनेजुएला से तेल खरीदा था। इस साल कारोबारियों के जरिये तेल खरीद दोबारा शुरू होने पर रिलायंस ने विटॉल कंपनी से 20 लाख बैरल तेल खरीदा है।

 इस छूट का फायदा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भी उठाया है। इन दोनों सरकारी तेल कंपनियों ने कुल मिलाकर 20 लाख बैरल कच्चा तेल वेनेजुएला से खरीदा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस से तेल खरीद रोकने और अमेरिका सहित अन्य स्रोतों से तेल आयात बढ़ाने पर सहमति जताई है। सूत्रों ने कहा कि वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल करना कच्चे तेल की खरीद के स्रोतों में विविधता लाने की भारतीय रणनीति का हिस्सा है। रूस से तेल का आयात घटने की संभावना के बीच वेनेजुएला का तेल महत्वपूर्ण हो जाता है। वेनेजुएला का ओरिनोको बेल्ट क्षेत्र अपने भारी और बहुत-भारी ग्रेड के कच्चे तेल के लिए जाना जाता है।

 इस ग्रेड के तेल की रिफाइनिंग के लिए रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी पूरी तरह सक्षम मानी जाती है। खास बात यह है कि इस तरह के तेल पर आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय मानकों की तुलना में छूट मिलती है। इस तेल को डीजल, केरोसिन एवं एलपीजी जैसे उच्च मूल्य वाले पेट्रोलियम उत्पादों में बदला जा सकता है। विश्लेषकों का अनुमान है कि इस सस्ते भारी कच्चे तेल की सीधी खरीद से रिलायंस को रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल दोनों कारोबार में मार्जिन सुधारने में मदद मिलेगी।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

रोज की दाल-सब्जी से हो गए Bored? ट्राय करें यह Unique बेसन चीला की सब्जी, देखें Viral Recipe

India-US Trade Deal से किसानों को खतरा? Minister Shivraj Singh Chauhan बोले- विपक्ष का झूठ, सब सुरक्षित

IPL 2026: Rajasthan Royals का बड़ा दांव, युवा Riyan Parag को सौंपी Team की कमान

Valentines Day पर प्रेमानंद महाराज का मंत्र, पार्टनर को दें ये Special Gift