रिलायंस JIO में छठा बड़ा निवेश, मुबाडला ने 9,093.60 करोड़ रुपये में 1.85 फीसदी हिस्सा खरीदा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 05, 2020

नयी दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को अपनी डिजिटल इकाई जियो प्लेटफार्म्स में अबू धाबी स्थित निवेश कंपनी मुबाडाला को 9,093.60 करोड़ रुपये में 1.85 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की घोषणा की। रिलायंस द्वारा बीते कुछ सप्ताह में यह छठा सौदा है, जिसके जरिए अब तक कुल 87,655.35 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं। इस धनराशि से समूह को कर्जमुक्त होने में मदद मिलेगी। कंपनी ने एक बयान में बताया, ‘‘मुबाडला इन्वेस्टमेंट कंपनी (मुबाडला) जियो प्लेटफॉर्म में 9,093.60 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इसके लिए इक्विटी मूल्य 4.91 लाख करोड़ रुपये और उद्यम मूल्य 5.16 लाख करोड़ रुपये आंका गया है।’’ इस निवेश के साथ जियो प्लेटफार्म्स ने फेसबुक, सिल्वर लेक, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स, जनरल अटलांटिक, केकेआर और मुबाडला जैसे प्रमुख वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों और निवेशकों के जरिए छह सप्ताह से कम समय में कुल 87,655.35 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

इसे भी पढ़ें: यूनिवर्सल सोम्पो ने शरद माथुर को सीईओ नियुक्त किया

रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड, जिसके पास 38.8 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं, वह जियो प्लेटफार्म्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनी रहेगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि मुबाडला सर्वाधिक कुशाग्र और परिवर्तनकारी वैश्विक निवेशकों में है। उन्होंने कहा, ‘‘अबू धाबी के साथ अपने लंबे संबंधों के जरिए मैंने व्यक्तिगत रूप से यूएई की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के विविधीकरण और उसे वैश्विक रूप से जोड़ने में मुबाडला के काम के प्रभाव को देखा है। हमें उम्मीद है कि कंपनी को मुबाडाला के अनुभव से फायदा होगा।’’ मुबाडला इंवेस्टमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक और समूह सीईओ खलादून अल मुबारक ने कहा, ‘‘हम तेजी से विकास करने वाली कंपनियों में निवेश करने और उनके साथ सक्रिय रूप से काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करने और नए अवसरों से फायदा उठाने के लिए तकनीकी के इस्तेमाल में अग्रणी हैं। ’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमने देखा है कि जियो ने कैसे भारत में संचार और कनेक्टिविटी को पहले ही बदल दिया है, और एक निवेशक तथा साझेदार के रूप में, हम भारत की डिजिटल विकास यात्रा में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रमुख खबरें

15 साल के Vaibhav Suryavanshi की Team India में एंट्री, Selection पर टिकीं सबकी निगाहें।

Australia के स्टेडियम में Imran Khan के लिए समर्थन, T-shirt विवाद के बाद बोर्ड को बदलना पड़ा फैसला

Asia Cup में Chikitha-Rajat की जोड़ी का कमाल, मलेशिया को हराकर भारत को दिलाया शानदार Gold Medal।

Petrol-Diesel पर Excise Duty में राहत, तेल कंपनियों के शेयरों में 4% का उछाल, Investors खुश