दिग्गज खिलाड़ियों ने युवी के सफर को किया याद, बोले- आपकी पारी बहुत याद आएगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2019

नयी दिल्ली। करिश्माई क्रिकेटर युवराज सिंह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में खेल बिरादरी के दिग्गजों ने सोमवार को उनके खेल की प्रशंसा की। भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ जून 2017 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले युवराज ने सोमवार को मुंबई में संन्यास की घोषणा की। अपने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान वह 2007 में टी20 विश्व कप और और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। युवराज ने भारत की तरफ से 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट मैचों में 1900 और वनडे में 8701 रन बनाये। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम पर 1177 रन दर्ज हैं। 

युवराज के संन्यास पर मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों का ट्वीट इस प्रकार है।:

वीवीएस लक्ष्मण: युवी आपके साथ खेलना शानदार रहा। आप इस खेल के इतिहास में महान खिलाड़ियों में से एक हैं। खेल के प्रति समर्पण, दृढ़ निश्चय और जुनून के लिए आप प्रेरणास्रोत है। शुभकामनाएं। 

गौतम गंभीर: शानदार करियर के लिए बधाई हो युवराज। सफेद गेंद (एकदिवसीय और टी20) की क्रिकेट में आप भारत के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर हैं। आपके करियर के सम्मान में बीसीसीआई को 12 नंबर की जर्सी को भी विदाई दे देनी चाहिए। मेरी कामना थी कि आपकी तरह बल्लेबाजी करूं। शुक्रिया युवराज। 

मोहम्मद कैफ: खेल के इतिहास में महान विजेताओं में से एक। एक योद्धा जिन्होंने अपने करियर में कई चुनौतियों का सामना किया और विजेता बन कर निकले। युवराज सिंह हम सभी को आप पर गर्व है। आपको भी खुद पर गर्व होना चाहिए।

वीरेन्द्र सहवाग: खिलाड़ी आएंगे और जाएंगे लेकिन युवराज सिंह की तरह का खिलाड़ी मिलना दुर्लभ है। कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करके बीमारियों को हराया, गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाये और दिलों को जीता। जीवटता और इच्छा शक्ति से कई लोगों को प्रेरित किया। आपका जीवन अच्छा रहे। 

विराट कोहली: पाजी देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने के लिए बधाई। आपने हमें कई यादगार पल और जीत दी। मैं आपके लिए अच्छी जिंदगी की कामना करता हूं। पूर्ण चैम्पियन।

स्टुअर्ट ब्राड: संन्यास का लुत्फ उठाओ दिग्गज।

केविन पीटरसन: संन्यास के बाद खुशहाली की कामना करता हूं। एक यादगार करियर जिसने कई ऊंचाईयों को छुआ और कुछ निराशाजनक भी। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए आपने धैर्य, साहस और गजब की प्रतिभा दिखाई। 

ऋषभ पंत: एक भाई, एक गुरू, एक योद्धा। खेल के दिग्ग्ज और शानदार इंसान को आगे की सफर के लिए शुभकामनाएं।

साइना नेहवाल: हमें विश्व चैम्पियन की कमी खलेगी। आपने हमें कई यादगार जीत दी हैं। आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं। मैं आश्वस्त हूं कि क्रिकेट को भी आपकी कमी महसूस होगी। 

विजेन्दर सिंह: क्रिकेट मैदान पर हमें आपकी कमी खलेगी। 

प्रमुख खबरें

SRH vs LSG: लखनऊ के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने 58 गेंदों में चेज किया 166 रनों का टारगेट, ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की बेहतरीन पारी

Aurangabad और Osmanabad का नाम बदलने पर अदालत के फैसले का मुख्यमंत्री Shinde ने किया स्वागत

तीन साल में पहली बार घरेलू प्रतियोगिता में भाग लेंगे Neeraj Chopra, Bhubaneswar में होगा आयोजन

Israel ने Gaza में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए एक अहम क्रॉसिंग को फिर से खोला