लेबनान में बचावकर्ताओं को मलबे में से मिले और शव, अबतक 150 की मौत, 5000 घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2020

बेरूत। बेरूत में हुए भीषण विस्फोट के तीन दिन बाद भी बचावकर्ताओं के दल शवों की तलाश के लिए शुक्रवार को मलबा खंगालते रहे। इस घटना में करीब 150 लोगों की जान चली गई है और हजारों जख्मी हो गए हैं तथा शहर में बड़े पैमाने पर तबाही मची है। अधिकारियों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कम से कम तीन शव बरामद किए गए, जिसके बाद मृतकों की संख्या 149 हो गई। विस्फोट ने अनाज के बड़े गोदाम को तबाह कर दिया और बंदरगाह के इलाकों में तबाही मचाई। शहर के कई इलाकों में शीशा और मलबा बिखरा है। फ्रांस और रूस के बचाव दल खोजी कुत्तों के साथ शुक्रवार को बंदरगाह में खोज अभियान चला रहे थे। इससे एक दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने घटनास्थल का दौरा किया था और सहायता का वादा किया था। यह विस्फोट 2750 टन एमोनियम नाइट्रेट में हुआ था।

इसे भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रम्प ने जो बाइडेन की आस्था को लेकर उठाए सवाल, कहा-

विस्फोटक और उर्वरक के काम में आने वाले रसायन को 2013 में एक पोत से जब्त किया गया था और तभी से यह बंदरगाह पर रखा हुआ था। विस्फोट के बाद सरकार ने जांच शुरू कर दी है। वहीं सरकार की जबर्दस्त आलोचना भी हो रही। कई देशवासी घटना के लिए लापरवाही और भ्रष्टाचार को कसूरवार ठहरा रहे हैं। विस्फोट के पीड़ितों का पता लगाने में मदद के लिए कई देशों ने खोज एवं बचाव दल भेजे हैं। अनाज गोदाम के पास मलबे में मिले लोगों में जोई अकीकी भी शामिल हैं। 23 वर्षीय अकीकी बंदरगाह के कर्मी हैं और विस्फोट के बाद से ही लापता थे। दर्जनों लोग अब भी लापता हैं। बेरूत के करीब तीन लाख लोग अपने घर नहीं लौट पा रहे हैं, क्योंकि विस्फोट के कारण उनके घरों के दरवाजे-खिड़कियां उड़ गईं। कई इमारतें रहने लायक नहीं हैं। अधिकारियों ने 10 से 15 अरब अमेरिकी डॉलर के नुकसान का अंदाजा लगाया है। अस्पताल पहले से ही कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहे थे। वे अब घायलों ने निपटने में संघर्ष कर रहे हैं। जांच बंदरगाह तथा सीमा शुल्क विभाग पर केंद्रित है। 16 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है तथा अन्य से पूछताछ की गई है।

प्रमुख खबरें

Payal Gaming Private Video | कौन हैं पायल गेमिंग? प्राइवेट वीडियो लीक होने के बाद विवादों में घिरी, MMS पर मचा बवाल

नाम में राम होने से कुछ भी करने की छूट नहीं मिल जाती..., MGNREGA विवाद पर बोले RJD सांसद मनोज झा

Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Movie Review | कपिल शर्मा की फिल्म एक बार देखने लायक है, कॉमेडी-प्यार का कॉकटेल है फिल्म

Ashes: एलेक्स कैरी के तूफानी शतक से ऑस्ट्रेलिया मजबूत, इंग्लैंड के खिलाफ 326/8 का स्कोर