रेवंत रेड्डी ने PM Modi पर तेलंगाना का अपमान करने का आरोप लगाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 22, 2024

हैदराबाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संसद में राज्य के गठन पर की टिप्पणियों से तेलंगाना का अपमान करने का आरोप लगाया। रेवंत रेड्डी ने रविवार को दावा किया कि मोदी ने टिप्पणी की थी कि जब तेलंगाना के गठन का विधेयक पारित हुआ तब कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की तत्कालीन सरकार ने संसद के दरवाजे बंद कर दिए थे और ‘‘बच्चे (तेलंगाना)’’ को जन्म देने के लिए ‘‘मां (आंध्र प्रदेश)’’ की ‘‘हत्या’’ कर दी थी। 

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) को संविधान की रक्षा करने के लिए चुनाव जीतना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तेलंगाना में वाम दलों के समर्थन के साथ चुनाव लड़ रही है। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क उनके कार्यालयों में जा रहे हैं और बातचीत कर रहे हैं। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव पर वाम दलों के साथ सम्मानपूर्वक बर्ताव न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विचारों में भिन्नता के बावजूद कभी उनका अपमान नहीं किया। 

इसे भी पढ़ें: राहुल की रैली रद्द होने पर विजयवर्गीय ने कहा, ‘जनता में रुझान नहीं होने पर तबीयत खराब हो जाती है’

बीआरएस पर निशाना साधते हुए रेड्डी ने दावा किया कि अगर राव की पार्टी लोकसभा चुनावों में एक भी सीट जीतती है तो वह उसे भी ‘‘मोदी के पास गिरवी’’ रख देंगे। रेड्डी कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के प्रमुख भी हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सचांलित आरटीसी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और गरीबों को 200 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने समेत पार्टी के चुनावी वादे लागू किए जाने का भी जिक्र किया।

प्रमुख खबरें

Nepal Floods में 288 भारतीय लापता, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

JP Nadda ने स्वास्थ्य बजट योजनाओं की समीक्षा की, 160 जिला अस्पताल मार्च 2027 तक सुधरेंगे

CM Vishnu Deo Sai ने Jashpur में शुरू की अंतरिक्ष संगवारी पहल, छात्रों को मिलेगी स्पेस ट्रेनिंग

Manipur के Kangpokpi में उग्रवादियों ने वाहन पर किया हमला, 4 लोगों की मौत