उचित काम करने का उचित समय (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Apr 28, 2025

किसी काम को करने के लिए कोई भी समय, उचित समय होता है लेकिन पर्यावरण के मोहल्ले की साफ़ सफाई करने का उचित समय पर्यावरण दिवस के दिन ही होता है। साफ़ सुथरे कपडे पहनकर, एप्रिन लगाकर, दस्तानों में हाथ डालकर, सिर पर टोपी फंसाकर, जोर और शोर से साफ सफाई की जाती है। इस दिन समारोह ज़रूर होना होता है। बिना समारोह, बिना फोटो, बिना खबर छपवाए ही साफ़ सफाई हो जाए तो उचित नहीं मान सकते। पर्यावरण की तरह, वातावरण को साफ़ करने का भी उचित दिन और समय होता है।

इसे भी पढ़ें: रोबोट का बढ़ता रोब (व्यंग्य)

काफी हाउस के सामने खड़े खड़े प्रेरणा बैठक कर ली गई जिसमें विचार किया कि फलानी जगह पार्क की दुर्दशा हो रही है। कुछ ही दिन बाद पार्क में लगी मूर्त व्यक्ति की जयन्ती है। इस उचित अवसर पर पार्क की सुध लेने के लिए गोद ले लिया जाए। शुभ काम में देरी नहीं की जाती। लंबे समय से बदहाल चल रहे पार्क की ज़मीन को समतल करवाने, वहां फेंका कूड़ा कचरा उठवाकर उचित स्थान पर ठिकाने लगवाने, चार दीवारी पर रंग रोगन पुतवाने का नैतिक कार्य शुरू किया जाता है। यह पुण्य कार्य जयंती से एक दिन पहले ही करवा दिया जाता है ताकि उस दिन वहां आने वालों के साथ साथ मूर्ति को भी बेहतर लगे।  

आयोजन छोटा हो या बड़ा, गोल हो या चौकोर, संस्था ने मूर्ति क्षेत्र की मरम्मत और साफ़ सफाई के बहाने अपना भी एक सामाजिक प्रोजेक्ट पूरा कर लिया। इस महत्त्वपूर्ण अवसर पर, परम्परा अनुसार अध्यक्ष के उचित उदगार प्रकट होने आवश्यक थे। वह बात अलग थी कि सार्वजनिक जीवन में उन्होंने ऐसा बहुत कम बार किया था फिर भी उन्होंने बड़ी संजीदगी से ऐसा किया और डेढ़ दर्जन माइक्स के सामने कहा, ‘हमारे क्लब द्वारा सुधारे परिसर में लगी मूर्ति की शिक्षाएं, माफ़ करें जिनकी मूर्ति है, इस बार वे उनका नाम भी भूल गए, फिर भी उन्होंने संभाल लिया, बोले ‘उन महान आत्मा की शिक्षाएं आज भी बेहद प्रासंगिक है और हमारे समाज के लिए लाभकारी हैं। हम सभी को उनका अनुसरण करना चाहिए।‘ 

संभवत उन्हें पता न चल पाया कि उन्होंने क्या कहा लेकिन मूर्ति को ज़रूर अच्छा और उचित लगा। यह तारीफ़ के काबिल है कि इंसानों के सदव्यवहार से अब मूर्तियां भी खुश रहने लगी हैं। वातावरण और पर्यावरण ने पक्की दोस्ती कर ली है। उचित समय पर, उचित तरीके से किया गया, उचित कार्य सभी पसंद करते हैं।    

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

PM Narendra Modi ने जनसेवा के 25 वर्ष किए पूरे, दिल्ली के विनायक मंदिर में की पूजा

Mathura के वृंदावन गुरुकुलम में पानी की टंकी साफ करते समय 4 छात्रों की मौत

Sensex 460 अंक फिसला, RBI नीतिगत फैसले से पहले Nifty भी 22610 पर लुढ़का

France में बेहतर शिक्षा बजट की मांग, 2.66 लाख छात्रों का बड़ा प्रदर्शन