ऋषभ पंत ICC के पहले महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने, टीम इंडिया को समर्पित किया अवॉर्ड

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 08, 2021

दुबई।ऑस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के ‘महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी’ के पहले पुरस्कार के लिए चुना गया। आईसीसी ने पहली बार महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार को शुरू किया है। तेइस साल के पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 97 रन की पारी खेली जिससे भारत मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा जबकि ब्रिसबेन में उनकी नाबाद 89 रन की पारी की बदौलत भारत ने जीत दर्ज करते हुए एतिहासिक श्रृंखला जीती। यह पुरस्कार हासिल करने पर खुशी जताते हुए आईसीसी से जारी विज्ञप्ति में पंत ने कहा, ‘‘ किसी भी खिलाड़ी के लिए टीम की जीत में योगदान देना सबसे बड़ा पुरस्कार होता है, लेकिन इस तरह की पहल युवाओं को खुद को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं टीम इंडिया के प्रत्येक सदस्य को यह पुरस्कार समर्पित करता हूं जिसने ऑस्ट्रेलिया में हमारी जीत में योगदान दिया। मैं सभी प्रशंसकों को भी धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे वोट दिया।’’

इसे भी पढ़ें: इब्राहिमोविच ने 500वां क्लब गोल दागा, मिलान ने क्रोटोन को 4-0 से हराया

इस वोटिंग अकादमी के सदस्य और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने कहा, ‘‘ पंत ने यह दोनों पारियां दबाव में और अलग तरह की चुनौतियों का सामना करते हुए खेली। उन्होंने मैच को ड्रा करने और जीतने में अपनी कौशल की विविधता दिखाई। उन्होंने इस दौरान कमाल की मानसिकता दिखायी थी।’’ महिला क्रिकेटरों में दक्षिण अफ्रीका की शबनम इस्माइल ने इस मासिक पुरस्कार को अपने नाम किया जिन्होंने इस दौरान तीन एकदिवसीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में सात विकेट लिये थे। उन्होंने इसी टीम के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में पांच विकेट चटकाये थे। इन पुरस्कार के विजेताओं का फैसला हर महीने के दूसरे सोमवार को आईसीसी के डिजिटल चैनलों पर किया जाएगा। आईसीसी की विज्ञप्ति के मुताबिक कैलेंडर महीने में मैदान पर प्रदर्शन के आधार पर पुरूष और महिला वर्ग में तीन-तीन खिलाड़ियों को नामांकित किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Jammu and Kashmir | शोपियां के बाद अब पुलवामा में तहलका! CRPF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, साजिश नाकाम

Indonesia Forest Fire: बारिश के लिए 3000 लोगों ने पढ़ी विशेष नमाज

Pulwama में 2 संदिग्ध आतंकी मददगार गिरफ्तार, सुरक्षाबलों ने बरामद किए हथियार

Kashmiri Pandits पर हुए अत्याचार का चुन चुन कर हिसाब ले रही Modi सरकार, 1998 के Wandhama Massacre में 23 लोगों की निर्मम हत्या की फाइल दोबारा खोली