महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक आर्थिक सहायता योजना की शुरूआत March 5 से होगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 05, 2023

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले महिला मतदाताओं पर बड़ा दांव लगाते हुए राज्य की शिवराज सिंह चौहान नीत भाजपा सरकार ने रविवार से लाड़ली बहना योजना शुरू करने वाली है जिसके तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये की मासिक सहायता दी जाएगी। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कम से कम एक लाख महिलाओं के भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इस कार्यक्रम का आरंभ मुख्यमंत्री चौहान के 65 वें जन्म दिन के साथ होगा।

प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा में एक मार्च को विधानसभा में राज्य का बजट 2023-24 पेश करते हुए कहा था, ‘‘सरकार ने ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ के लिए 8,000 करोड़ रुपये तय किए हैं जिसके तहत महिलाओं को कुछ शर्तों के तहत 1,000 रुपये प्रति माह वित्तीय सहायता दी जाएगी।’’ अधिकारियों ने कहा कि सरकार पांच मार्च से महिला लाभार्थियों से आवेदन स्वीकार करना शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि मार्च-अप्रैल में आवेदन स्वीकार करने का काम पूरा हो जाएगा और 10 जून तक लाभार्थियों को आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जिन महिलाओं की पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये प्रति वर्ष से कम है, उन्हें लाडली बहना योजना से लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में 2,60,23,733 महिला मतदाता हैं। मध्य प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीटों में से 18 निर्वाचन क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है, जिनमें आदिवासी बहुल बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अलीराजपुर और झाबुआ जिले शामिल हैं। अनुमान के मुताबिक 13.39 लाख नए मतदाताओं में 7.07 लाख महिलाएं हैं।

प्रमुख खबरें

पटना MLC Seat पर JDU उम्मीदवार Neeraj Kumar के खिलाफ उतरे Anant Singh, पार्टी में बढ़ी दरार

Sensex 571 अंक टूटकर 71,910 पर बंद, Nifty 22,422 पर फिसला

रोज 60 KM सफर और खराब सड़कें बनी वजह, SIR Tribunal प्रमुख पद छोड़ेंगे पूर्व जज

Flydubai के पायलट पर हमला करने वाला को-पायलट कट्टरपंथी था, Israel PM का खुलासा