By टीम प्रभासाक्षी | Dec 21, 2021
देश को हजारों करोड़ का चूना लगाकर विदेश भागने वाले कारोबारी विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को वापस लाने के लिए तो भारत सरकार प्रयासरत है ही। इसके अलावा देश में इनकी संपत्तियों को बेचकर बैंक अपना पैसा भी रिकवर कर रहे हैं। विजय माल्या, नीरव मोदी, और मेहुल चौकसी से अब तक बैंकों ने 13109 करोड़ रुपये रिकवर किए हैं। इस बात की जानकारी संसद में दी गई। लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जानकारी देते हुए बताया कि इन तीनों भगोड़े कारोबारियों से अब तक बैंकों ने 13109 करोड़ रुपये रिकवर किए हैं। निर्मला सीतारमण ने बताया कि, इन डिफॉल्टरों की संपत्तियां बेचकर बैंकों ने यह रकम वसूल की है। प्रवर्तन निदेशालय ने एंटी मनी लांड्रिंग एक्ट(PMLA) के तहत कार्यवाही करते हुए संपत्ति जब्ती है।
यूके में है विजय माल्या
विजय माल्या किंगफिशर एयरलाइंस से जुड़े 9 हज़ार करोड़ से अधिक के बैंक लोन का डिफॉल्टर है। विजय माल्या ब्रिटेन में है और भारत सरकार उसे वापस लाने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें कि इसी साल ब्रिटेन की एक अदालत ने जुलाई में विजय माल्या को दिवालिया घोषित किया था। जिसके बाद भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई में उसकी बंद पड़ी एयरलाइंस किंगफिशर से वसूली को लेकर उसकी संपत्तियां जब्त करने का रास्ता साफ हो गया था।
लंदन में है नीरो मोदी
भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक का 2 अरब डॉलर का बकाया है। नीरव मोदी मार्च 2019 में गिरफ्तारी के बाद से दक्षिण पश्चिम लंदन की एक जेल में बंद है,और भारत में होने वाले प्रत्यर्पण का मुकदमा लड़ रहा है। नीरव मोदी को दिसंबर 2019 में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। मुंबई की एक विशेष अदालत ने इस साल अगस्त में नीरव मोदी के कंपनियों से जब्त की गई 500 करोड़ की संपत्ति का हक पंजाब नेशनल बैंक को देने की अनुमति दी थी।
मेहुल चौकसी पर भी हैं आरोप
नीरव मोदी के रिश्तेदार मेहुल चौकसी पर भी पंजाब नेशनल बैंक के साथ 14 हज़ार करोड़ रुपए की बैंक लोन धोखाधड़ी का आरोप है। आपको बता दें कि जुलाई 2021 में उसे डोमिनिका में एक अदालत ने जमानत दे दी थी। चौकसी भारत से फरार होने के बाद 2018 से एंटीगा में रह रहा है बीच में वह वहां से लापता हो गया था बाद में उसे अवैध एंट्री के चलते इस साल पड़ोसी देश डेमिनिका में मई में गिरफ्तार किया गया था।