नितिन गडकरी ने कहा- हरित राजमार्गों के लिए सात लाख करोड़ खर्च करेगी सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2021

नयी दिल्ली। सरकार आधुनिक प्रौद्योगिकी के जरिये हरित एक्सप्रेस राजमार्गों के निर्माण पर सात लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इससे परिवहन को ‘स्मार्ट’ किया जा सकेगा और साथ ही प्रदूषण के स्तर को भी कम करने में मदद मिलेगी। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के डिजिटल तरीके से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने बताया कि इनमें से एक लाख करोड़ रुपये का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे एक साल में पूरा हो जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन एक या दो माह में होगा। गडकरी ने राष्ट्रीय सड़क और राजमार्ग शिखर बैठक ‘हरित संरचना पर जोर’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम हरित राजमार्गों के निर्माण पर सात लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं। इससे वायु प्रदूषण कम होगा, यातायात सुगम होगा और लॉजिस्टिक्स और परिवहन की लागत घटेगी।’’ उन्होंने कहा कि इन राजमार्गों का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक और अभियांत्रिकी के जरिये किया जा रहा है। इससे यातायात को ‘इंटेलिजेंट’ किया जा सकेगा और साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा सकेगा।

प्रमुख खबरें

Kerala cabinet: बुजुर्गों की देखभाल को कानूनी गारंटी देने वाले विधेयक को मिली मंजूरी

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया