Indore में RSS के कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक शुरू, 400 प्रतिनिधि शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026

इंदौर (मध्यप्रदेश), दो नवंबर इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक सोमवार से शुरू हो गई जिसमें संगठन की स्थापना के शताब्दी वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही संगठनात्मक ढांचे में प्रस्तावित बदलाव और विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। संघ पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। संघ के प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके तीन दिवसीय बैठक की औपचारिक शुरुआत की।

उन्होंने बताया कि बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान पिछले एक साल में आयोजित कार्यक्रमों, ‘पंच परिवर्तन’ अभियान और संगठन के विस्तार की समीक्षा व आगामी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। कुमार ने बताया कि बैठक में सरसंघचालक भागवत द्वारा महाराष्ट्र के नागपुर में विजयादशमी पर दिए गए उद्बोधन में उठाए गए समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी और इन्हें समाज तक पहुंचाने की योजना पर विचार होगा। आयोजन स्थल पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है जो धार के ऐतिहासिक स्मारक भोजशाला, संघ की विभिन्न गतिविधियों और अन्य विषयों पर केंद्रित है।

संघ के मजबूत गढ़ माने जाने वाले पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा अंचल में यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब देश में पिछले दिनों हुए विभिन्न आंदोलन सामाजिक और राजनीतिक विमर्श के केंद्र में हैं। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक बैठक में जनसंचार के नये माध्यमों की सामग्री (कंटेंट), देश में बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप, वैश्विक परिदृश्य और नशीले पदार्थों की समस्या जैसे विषयों पर चर्चा अपेक्षित है। संघ की स्थापना विजयादशमी पर 27 सितंबर 1925 को नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी।

पदाधिकारियों के मुताबिक संघ देश भर में एक लाख से ज्यादा दैनिक शाखाएं संचालित करता है और पिछले एक साल में इसकी 13,000 से अधिक नयी शाखाएं शुरू हुई हैं।

प्रमुख खबरें

Subhash Chandra पर ED का शिकंजा, LICHFL ऋण धोखाधड़ी में मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज

November 2026 Rashifal: नवंबर में गुरु और मंगल के गोचर से मेष समेत 6 राशियों की बदलेगी किस्मत

Jammu में 154 साल पुरानी दरबार मूव परंपरा फिर शुरू, Civil Secretariat खुला

6 नवंबर को Dhanteras 2026 पर तिजोरी में रखें ये चीजें, दूर होगी पैसों की दिक्कत