शताब्दी समारोह में पाकिस्तान-तुर्की-बांग्लादेश को निमंत्रण नहीं देगा RSS, सांस्कृतिक संगठन ने पहली बार लिया कूटनीतिक स्टैण्ड

By नीरज कुमार दुबे | Aug 06, 2025

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस अवसर पर एक भव्य आयोजन 26 से 28 अगस्त तक दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रस्तावित है। यह समारोह न केवल संघ की विचारधारा और यात्रा पर चिंतन का मंच है, बल्कि इसकी वर्तमान रणनीति और भविष्य की दिशा को भी दर्शाता है। हालांकि, इस आयोजन के कूटनीतिक पहलू और कुछ देशों की अनुपस्थिति ने चर्चा का नया विषय जन्म दिया है।

इसे भी पढ़ें: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ रचे गए कांग्रेसी षड्यंत्रों से उपजते सवाल

हम आपको बता दें कि इस बार का आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संवाद का मंच बनने जा रहा है। अंतिम दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत श्रोताओं के सवालों का उत्तर देंगे— यह एक खुलापन दर्शाता है, जो परंपरागत छवि से हटकर है। संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, यह आयोजन संघ की विचारधारा को स्पष्ट करने, आलोचनाओं का उत्तर देने और भविष्य की दिशा तय करने का एक अवसर है। वह यह भी कहते हैं कि अब समय है कि भारत “औपनिवेशिक संरचनाओं” पर प्रश्नचिन्ह लगाए और चिकित्सा, अर्थशास्त्र जैसे क्षेत्रों में भारतीय दृष्टिकोण को विकसित करे। यह सोच, संघ की वर्षों से चली आ रही स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को नया आयाम देती है।

वैसे पाकिस्तान, बांग्लादेश और तुर्की को दूर रखा गया है, फिर भी आयोजन की एक विशेषता यह है कि विपक्षी दलों, मुस्लिम और ईसाई समुदायों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। यह एक तरह से आलोचकों को उत्तर देने का प्रयास भी है, जो अक्सर संघ को ‘एकधर्मी’ या ‘विभाजक’ संगठन कहकर संबोधित करते हैं। व्यापक आमंत्रण सूची यह संकेत देती है कि संघ अपने शताब्दी वर्ष को समाज के हर वर्ग से संवाद के अवसर के रूप में देखना चाहता है। हम आपको बता दें कि दिल्ली में उद्घाटन के बाद, आयोजन बेंगलुरु, कोलकाता और मुंबई तक फैलेगा। इसका उद्देश्य केवल संघ की विचारधारा का प्रचार नहीं, बल्कि स्थानीय संदर्भों में संवाद और सहभागिता को भी बढ़ावा देना है।

बहरहाल, RSS का यह आयोजन केवल एक संगठन का उत्सव नहीं है, बल्कि भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक धारा में RSS की भूमिका पर राष्ट्रीय विमर्श का मंच भी है। एक ओर जहाँ निमंत्रण न भेजना कूटनीतिक रुख को रेखांकित करता है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष और अल्पसंख्यकों को शामिल करना संघ की बदलती रणनीति और सामाजिक संवाद की इच्छा को दर्शाता है। देखा जाये तो RSS अब केवल अतीत पर गर्व करने वाला संगठन नहीं रह गया है, वह भविष्य की परिकल्पना भी कर रहा है— एक ऐसा भविष्य जो भारतीय सोच, आत्मनिर्भरता और संवाद पर आधारित हो।

प्रमुख खबरें

Dosa Tips: प्याज रगड़ना पुरानी बात, बिना चिपके डोसा बनाने के लिए अपनाएं ये Viral Kitchen Hacks

Badrinath Dham के पास Glacier गिरने से मची अफरा-तफरी, कोई नुकसान नहीं

NEET Exam पर Arvind Kejriwal की हाथ जोड़कर अपील, सभी CM छात्रों के लिए बसें Free करें

Twisha Sharma Case: 13 दिन बाद आज अंतिम संस्कार, Delhi AIIMS की Postmortem रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज?