US Dollar की मजबूती से गिरा Rupee, 11 पैसे टूटकर 95.73 पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 23, 2026

अमेरिकी मुद्रा में व्यापक मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार के बीच रुपया बुधवार को 11 पैसे टूटकर 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख से डॉलर मजबूत हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से वर्ष 2026 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार बढ़ गए हैं।

हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख ने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.57 के स्तर तक पहुंच गया।

हालांकि, बाद में रुपया 95.76 के निचले स्तर तक आ गया और कारोबार के अंत में यह 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 16 पैसे मजबूत होकर 95.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत के दौरान कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार हो सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों में समग्र कमजोरी भी रुपये को समर्थन दे सकती है।” उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 95.95 के दायरे में रहने के आसार हैं। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत बढ़कर 100.87 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.26 प्रतिशत बढ़कर 99.51 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 299.17 अंक चढ़कर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117.80 अंक की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,617.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

प्रमुख खबरें

AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने बनाया मोर्चा, Chandrashekhar Azad होंगे CM उम्मीदवार

DU Executive Council ने विरोध के बीच पास की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, HEFA कर्ज पर उठे सवाल

PM Narendra Modi बोले आजादी के बाद पहली बार Agriculture Growth चार फीसदी पार पहुंची

अरुणाचल में Nyishi समुदाय ने वापस ली आर्थिक नाकेबंदी, सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा