रुपया 10 पैसे टूटकर 88.12 प्रति डॉलर पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 05, 2025

विदेशी कोषों की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 10 पैसे की गिरावट के साथ 88.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.09 पर खुला। दिन में 87.85 से 88.19 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में यह 88.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की गिरावट है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे की तेजी के साथ 88.02 पर बंद हुआ था। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘ सुबह में बढ़त के बाद रुपये में गिरावट आई क्योंकि शेयर बाजार अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख पाए, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक ने ऊंचे स्तर पर डॉलर बेचे...’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अमेरिकी शुल्क की चिंताएं और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी रुपये की धारणा पर लगातार दबाव बना रही है, जिससे रुपये में छिटपुट बढ़त के अलावा कोई सुधार नहीं दिख रहा है। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में संशोधन के कारण सुबह-सुबह इसमें मामूली सुधार हुआ।’’

भंसाली ने कहा कि स्थानीय मुद्रा के 87.80 से 88.50 के बीच कारोबार करने का अनुमान है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.21 पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 150.30 अंक की बढ़त के साथ 80,718.01 अंक पर और निफ्टी 19.25 अंक चढ़कर 24,734.30 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.88 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 106.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत