RBI की मौद्रिक नीति के फैसले के बाद रुपया 16 पैसे टूटकर 90.05 प्रति डॉलर पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 05, 2025

अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये ने दोपहर कारोबार में अपनी शुरुआती बढ़त खो दी और डॉलर के मुकाबले 90 के स्तर को पार कर गया। भारतीय रिजर्व बैंक के शुक्रवार को प्रमुख ब्याज दर में कटौती के बाद रुपये में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि जब तक कि विदेशी संस्थागत निवेशक बड़े पैमाने पर बाजार में पैसे नहीं डालते, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ब्याज दरों में कटौती से रुपया नीचे आता रहेगा केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को वृहद आर्थिक स्थिति एवं वैश्विक परिस्थितियों पर गौर करते हुए प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 0.25 प्रतिशत घटाकर 5.25 प्रतिशत कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.85 पर खुला। सुबह के कारोबार में बढ़त के साथ 89.69 पर पहुंच गया था जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

आरबीआई की मौद्रिक नीति घोषणा के बाद रुपये में गिरावट आई और यह 16 पैसे टूटकर 90.05 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को 26 पैसे की बढ़त के साथ 89.89 पर बंद हुआ था।

इस साल डॉलर के मुकाबले रुपया करीब पांच प्रतिशत टूटा है जो एशिया मुद्रा के मुकाबले सबसे खराब प्रदर्शन है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.97 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 488.75 अंक चढ़कर 85,754.07 अंक और निफ्टी 163.25 अंक की बढ़त के साथ 26,197 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.15 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,944.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

CJI Surya Kant की Bench का सख्त रुख, Public Safety की PIL पर कहा- हम सरकार नहीं, देश नहीं चला सकते

Middle East संकट और US Dollar की मजबूती का असर, Gold Rate में लगातार गिरावट जारी

Donald Trump की चेतावनी बेअसर! World Cup खेलने पर अड़ी ईरान की टीम, दिया कड़ा संदेश

IPL 2026 से पहले KKR को तगड़ा झटका, स्टार गेंदबाज़ Harshit Rana पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर