Iran को Real-Time Intelligence Support दे रहा Russia ! China ने भी Tehran की मदद के लिए बढ़ाये हाथ, अमेरिका की चिंता बढ़ी

By नीरज कुमार दुबे | Mar 07, 2026

पश्चिम एशिया में चल रहा अमेरिका और ईरान के बीच टकराव अब केवल दो देशों की जंग नहीं रह गया है। यह संघर्ष धीरे धीरे एक व्यापक अंतरराष्ट्रीय शक्ति संघर्ष का रूप लेता दिख रहा है। हाल में सामने आई खुफिया जानकारी ने संकेत दिया है कि कई बड़े देश प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ईरान के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। हम आपको बता दें कि एक अंतरराष्ट्रीय समाचार चैनल की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि चीन ईरान को आर्थिक मदद देने, मिसाइल से जुड़े पुर्जे उपलब्ध कराने और अन्य सैन्य सामग्री देने पर विचार कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह जानकारी तीन ऐसे सूत्रों के हवाले से सामने आई है जो इस मामले से परिचित बताए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: 'कायर और समझौतावादी': अमेरिकी वित्त मंत्री Scott Bessent के बयान पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार

हालांकि दिलचस्प बात यह है कि अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में रूस और चीन वास्तव में कोई बड़ा कारक नहीं हैं। इसके बावजूद खुफिया रिपोर्टों ने वाशिंगटन में चिंता जरूर बढ़ा दी है। हालांकि अब तक अमेरिका ने इस पर सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी है। उधर रूस ने सार्वजनिक रूप से इस संघर्ष को एकतरफा सशस्त्र आक्रमण बताते हुए इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की है।

हम आपको बता दें कि विश्लेषकों का मानना है कि रूस और चीन दोनों ही देश अमेरिका के वैश्विक प्रभाव को संतुलित करने की रणनीति के तहत ईरान के साथ अपने संबंध मजबूत कर रहे हैं। चीन लंबे समय से ईरान का एक बड़ा व्यापारिक साझेदार रहा है और उसने ऊर्जा, आधारभूत ढांचे और निवेश के क्षेत्र में तेहरान को आर्थिक सहारा दिया है। रूस और ईरान का सैन्य सहयोग भी नया नहीं है। सीरिया के गृहयुद्ध के दौरान दोनों देशों ने मिलकर वहां की सरकार का समर्थन किया था और खुफिया साझेदारी भी की थी।

हम आपको बता दें कि रूस और चीन के अलावा उत्तर कोरिया को भी लंबे समय से ईरान का रणनीतिक सहयोगी माना जाता है। इतिहास बताता है कि ईरान इराक युद्ध के दौरान उत्तर कोरिया ने तेहरान को हथियार और मिसाइल तकनीक उपलब्ध कराई थी। कई विश्लेषकों के अनुसार उत्तर कोरिया, वेनेजुएला और कुछ अन्य देश भी राजनीतिक स्तर पर ईरान के साथ खड़े माने जाते हैं। इन्हें अक्सर उस ढीले ढाले समूह का हिस्सा बताया जाता है जिसे अमेरिकी प्रभाव के विरोध में खड़ी धुरी के रूप में देखा जाता है। इसके अलावा पाकिस्तान, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की और ओमान जैसे कई देशों ने भी अमेरिका और उसके सहयोगियों की सैन्य कार्रवाई की आलोचना की है और कूटनीतिक समाधान की मांग की है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन युद्ध के दौरान भी रूस को ईरान, चीन और उत्तर कोरिया से विभिन्न प्रकार की सामग्री और रणनीतिक मदद मिली थी, जबकि अमेरिका और उसके सहयोगियों ने यूक्रेन को हथियार और खुफिया सहायता दी थी। इस वजह से दुनिया में दो अलग अलग शक्ति समूह उभरते दिखाई दे रहे हैं। हम आपको यह भी बता दें कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान भी काफी बड़ा है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार इस अभियान में पचास हजार से अधिक सैनिक, दो सौ से ज्यादा लड़ाकू विमान और दो विमानवाहक पोत शामिल हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह युद्ध कितने समय तक चलेगा। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी समय सीमा के बारे में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है।

हम आपको बता दें कि विश्लेषकों का मानना है कि अगर रूस, चीन या उत्तर कोरिया जैसे देश किसी भी रूप में खुलकर ईरान के साथ खड़े हो जाते हैं तो यह संघर्ष और व्यापक हो सकता है। इससे न केवल पश्चिम एशिया बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा और ऊर्जा व्यवस्था पर गहरा असर पड़ सकता है। इस तरह ईरान के साथ खड़े देशों की संभावित भूमिका ने इस युद्ध को एक साधारण क्षेत्रीय संघर्ष से उठाकर वैश्विक शक्ति संतुलन की परीक्षा बना दिया है। बहरहाल, आने वाले दिनों में यह देखना बेहद महत्वपूर्ण होगा कि यह टकराव कूटनीति से सुलझता है या दुनिया को एक और लंबे भू-राजनीतिक संघर्ष की ओर धकेल देता है।

प्रमुख खबरें

अंडरवर्ल्ड पर बड़ी स्ट्राइक: दाऊद का करीबी सलीम डोला इस्तांबुल में गिरफ्तार, भारत लाया गया

Punjab Railway Track Blast | पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाका, ट्रैक क्षतिग्रस्त और एक अज्ञात शव बरामद

Stock Market Opening | Sensex 200 से ज़्यादा अंक गिरा, Nifty 24,050 के करीब, SBIN सबसे ज़्यादा नुकसान में

Nigerian में इस्लामिक स्टेट का खूनी तांडव, गुयाकू गांव पर हमले में 29 ग्रामीणों की मौत