By अभिनय आकाश | Jul 30, 2025
प्रकृति जब अपना गुस्सा दिखाती है तो उसके सामने इंसान की ताकत भी कम पड़ जाती है। ये आज दो दुनिया के सुपरपावर देश अमेरिका और रूस दोनों महसूस कर रहे हैं। आज प्रकृति आफत बनकर रूस औऱ अमेरिका को एक साथ रौंद रही है। दुनिया में इस वक्त हड़कंप मचा हुआ है। कहीं भूकंप तो कहीं सुनामी की चेतावनी दी गई है। रूस में जहां भीषण भूकंप ने तबाही मचाई तो अमेरिका और जापान में सुनामी को लेकर अलर्ट जारी हो चुका है। प्रकृति ने भूकंप और सुनामी के रूप में अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पास आज सुबह 8.8 तीव्रता का भूंकप आया है। 8.8 तीव्रता का भूकंप समुद्र के नीचे आया जिसने पूरे प्रशांत क्षेत्र को हिला कर रख दिया।
भूकंप के बाद जापान, रूस और अमेरिका के कैलिफोर्निया और हवाई जैसे तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी हो चुका है। जापान के प्रभावित इलाकों में लोगों को बचाव केंद्रों में स्थानांतरित किया गया। इस भूकंप ने 2011 में आए भूकंप और सुनामी की यादें ताजा कर दी। जापान में लगभग 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने की सलाह दी गई है। मार्च 2011 में उत्तर-पूर्वी जापान में आए भूकंप की तीव्रता 9.0 मापी गई थी और इसके कारण भीषण सुनामी आई थी। इस सुनामी ने फुकुशिमा दाइची परमाणु ऊर्जा संयंत्र की शीतलन प्रणालियों को निष्क्रिय कर दिया था। रूसी प्राधिकारियों ने बताया कि कामचटका प्रायद्वीप पर आए भूकंप के कारण कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने कोई संख्या नहीं बताई। जापान में कम से कम एक व्यक्ति घायल हुआ है।