Kyiv समेत यूक्रेन के 9 शहरों पर Russia ने दागीं मिसाइलें, 2 नागरिकों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 28, 2026

रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए। इस दौरान राजधानी कीव में सुबह तक विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं। यूक्रेन के पास रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने वाली अमेरिकी निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलों की भारी कमी है।

इसके जवाब में यूक्रेन ने भी रूस की धरती पर महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने बुधवार रात के बाद यूक्रेन के नौ शहरों में ‘‘बड़े पैमाने पर’’ हमले किए। मंत्रालय के अनुसार, सैन्य गतिविधियों से जुड़े ठिकाने, औद्योगिक प्रतिष्ठान, तेल रिफाइनरी, लॉजिस्टिक केंद्र और बंदरगाहों का बुनियादी ढांचा निशाना बनाया गया।

हमले में आवासीय इमारतों समेत नागरिक क्षेत्रों को भी नुकसान पहुंचा। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र में 78 वर्षीय एक महिला और उत्तरी खारकीव क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। अन्य स्थानों पर कम से कम 14 लोग घायल हुए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस ‘‘मिसाइलों में और अपने युद्ध के विस्तार में लगातार निवेश कर रहा है और इसका मतलब है कि और जवाबी उपायों की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में यूरोपीय देशों द्वारा किए गए अतिरिक्त वायु रक्षा सहायता देने के वादों के अलावा, ‘‘बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा के अतिरिक्त पैकेज’’ भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए यूरोपीय देशों द्वारा अमेरिका से हथियार खरीदे जा सकते हैं।

प्रमुख खबरें

NITI Aayog की राज्यों को सलाह, Data Center को रणनीतिक बुनियादी ढांचा मानकर बनाएं नीतियां

DGCA ने उड़ानों में Mobikins MK PB 04 पावर बैंक ले जाने पर लगाई रोक

Shai Hope बने T20I में 3 शतक लगाने वाले पहले West Indies बल्लेबाज, हैदराबाद में रचा इतिहास

Jal Jeevan Mission 2 और VB-G RAM G के बीच तालमेल के लिए 5 प्राथमिकताएं तय