By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 07, 2026
कीव, सात अक्टूबर (एपी) रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव और करीब एक दर्जन अन्य क्षेत्रों पर मिसाइलों तथा ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए, जिनमें चार बच्चों सहित कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 60 से अधिक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन को इस हमले की आशंका पहले से थी।
अमेरिका में निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों के लिए पर्याप्त मिसाइल उपलब्ध नहीं होने के कारण यूक्रेन रूसी बैलिस्टिक हथियारों को रोकने में कठिनाई का सामना कर रहा है। यूक्रेन रूस के ऊंचाई पर उड़ने वाले जेट-संचालित ड्रोन को रोकने में सक्षम नई पीढ़ी के इंटरसेप्टर विकसित करने के प्रयास तेज कर रहा है। अमेरिका की अगुवाई में जारी शांति प्रयासों से निकट भविष्य में राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है।
दोनों पक्षों के बीच निचले स्तर की तकनीकी वार्ता की संभावना पर अभी बातचीत जारी है। पश्चिमी विश्लेषकों के अनुसार, पुतिन इस विश्वास के साथ युद्ध जारी रखे हुए हैं कि दबाव के आगे यूक्रेन झुक जाएगा और कीव के पश्चिमी समर्थक लंबे समय तक उसका साथ नहीं देंगे। यूक्रेन के उत्तरी चेर्निहाइव क्षेत्र के प्रिलुकी शहर में रूसी हमले में एक अपार्टमेंट की इमारत नष्ट हो गई।
गृह मंत्री इहोर विहिव्स्की के अनुसार, घटना में 13 लोगों की मौत हुई, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं, जबकि 50 लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति जेलेंस्की के अनुसार, राजधानी कीव समेत तीन अन्य यूक्रेनी शहरों में भी लोगों के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन दुनियाभर में उपलब्ध पैट्रियट मिसाइलों की तलाश कर रहा है।
ईरान में जारी युद्ध के कारण इन मिसाइलों की आपूर्ति पहले ही सीमित है। जेलेंस्की ने कहा, “रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। और इस समय हमारे लिए वायु रक्षा प्रणालियों के पैकेज अत्यंत आवश्यक हैं।” पोल्टावा क्षेत्र के क्रेमेनचुक में दो लोगों की मौत हुई और सात घायल हो गए।
क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख विताली दियाकिवनिच ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि रूस का उद्देश्य लोगों में डर पैदा करना है, “ताकि हम सोने से डरें, अपने बच्चों को नजरों से दूर न होने दें और कोई योजना न बना सकें। ताकि हर कोई सोचे कि अगली बार पता नहीं किसके घर को निशाना बनाया जाएगा।” रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रात में यूक्रेन में मिसाइलों और ड्रोन के उत्पादन तथा भंडारण से जुड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमला किया।
मंत्रालय ने कहा कि दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में बंदरगाह और जहाज मरम्मत सुविधाओं के अलावा यूक्रेनी सेना के लिए सामान ले जा रहे जहाजों को भी निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए रूस में तेल रिफाइनरियों और भंडारण केंद्रों पर लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। उन्होंने बुधवार को कहा कि यूक्रेन ने रूस के पर्म, समारा और अस्त्रखान क्षेत्रों में दो तेल प्रतिष्ठानों और एक प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया।
रूसी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई।