यूक्रेन से युद्ध जारी रखने के लिए अब रूस ने चीन से मांगी सैन्य मदद! अमेरिकी अधिकारी ने दी जानकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 14, 2022

वाशिंगटन। अमेरिका के एक अधिकारी ने कहा है कि रूस ने चीन से यूक्रेन पर हमले में इस्तेमाल करने के लिए सैन्य उपकरण मांगे हैं। उसके इस अनुरोध ने अमेरिका के शीर्ष सहायकों और चीन की सरकार के बीच रोम में सोमवार को हो रही बैठक के मद्देनजर युद्ध को लेकर तनाव बढ़ा दिया है। वार्ता से पहले व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने खुलेआम चीन को आगाह किया कि वह वैश्विक प्रतिबंधों से बचने के लिए रूस की मदद न करें। इन वैश्विक प्रतिबंधों ने रूस की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम यह होने नहीं देंगे।’’ चीन का रूस को वित्तीय मदद की पेशकश करना राष्ट्रपति जो बाइडन की कई चिंताओं में से एक है। गोपनीयता की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में रूस ने चीन से सैन्य उपकरण समेत अन्य मदद मांगी है।

इसे भी पढ़ें: कनाडा में वैन और ट्रैक्टर के बीच भयानक टक्कर, सड़क हादसे में 5 भारतीयों की मौत

चीन के विदेश नीति के वरिष्ठ सलाहकार यांग जिएची के साथ वार्ता में सुलिवान निश्चित तौर पर इस पर चर्चा करेंगे कि बीजिंग किन सीमाओं तक मॉस्को की मदद करेगा। वार्ता पर संक्षिप्त टिप्पणियां करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने यूक्रेन का जिक्र किए बिना कहा ‘‘इस बैठक का मुख्य मुद्दा पिछले नवंबर में चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों के वर्चुअल सम्मेलन में बनी अहम आम सहमति को लागू करना है।’’ झाओ ने मंत्रालय की वेबसाइट पर रविवार देर रात पोस्ट किए बयान में कहा, ‘‘वे चीन-अमेरिका संबंधों और परस्पर हितों के अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।’’ वहीं, व्हाइट हाउस ने कहा कि वार्ता क्षेत्रीय तथा वैश्विक सुरक्षा पर यूक्रेन - रूस युद्ध के प्रत्यक्ष असर पर केंद्रित होगी।

प्रमुख खबरें

गाज़ा पर जंग अब म्यूजिक स्टेज तक! Ed Sheeran के US टूर से बाहर हुए Macklemore, सपोर्टिंग आर्टिस्ट्स ने भी छोड़ा शो

UPESSC PRT Recruitment: यूपी में असिस्टेंट टीचर के 12,405 पदों पर भर्ती शुरू

Asian Games से चोट के कारण बाहर हुए Varun Chakravarthy, BCCI विपराज निगम को देगी मौका!

UPI Framework में बदलाव पर सियासी घमासान, Congress ने 14 सितंबर को बताया Betrayal Day