By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 17, 2026
अदिति खन्ना लंदन, 17 अगस्त यूक्रेन में आर्सेलरमित्तल इस्पात संयंत्र पर रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई। इस हमले के कारण भारत के अरबपति उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के स्वामित्व वाले यूक्रेन के सबसे बड़े इस्पात संयंत्र का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। मध्य यूक्रेन के क्रिवी रीह में स्थित ‘पब्लिक ज्वाइंट स्टॉक कंपनी’ (पीजेएससी) आर्सेलरमित्तल क्रिवी रीह ने रविवार रात संयंत्र पर हुए मिसाइल हमले की कड़ी निंदा की।
कंपनी ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, हमले में दूसरा शव भी मलबे से निकाला गया है। अब तक इस हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है।’’ कंपनी ने बताया कि बचाव और तलाश अभियान जारी है। आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना लागू कर दी गई है।
दमकलकर्मी, श्रम सुरक्षा विभाग के कर्मचारी, बचावकर्मी और चिकित्सा दल घटनास्थल पर काम कर रहे हैं। मिसाइल हमले में प्रभावित लोगों को शहर के चिकित्सा संस्थानों में सभी आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी ने कहा कि उसके घायल कर्मचारियों और प्रभावित लोगों के परिवारों के प्रति उसकी पूरी संवेदना है।
उसने बताया कि हमले में ऊर्जा और ‘ब्लास्ट फर्नेस’ उत्पादन से जुड़ी मुख्य उत्पादन इकाइयां क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिसके कारण संयंत्र की उत्पादन प्रक्रियाएं आंशिक रूप से रोक दी गई हैं। कंपनी ने कहा कि फिलहाल विशेषज्ञ नुकसान का आकलन कर रहे हैं और उत्पादन दोबारा शुरू करने की संभावनाओं तथा इसमें लगने वाले समय का आकलन किया जा रहा है। उसने जोर देकर कहा कि उसका संयंत्र खनन एवं धातुकर्म उद्योग से जुड़ा एक असैन्य प्रतिष्ठान है और उसने इस तरह के हमलों की कड़ी निंदा की।
यह संयंत्र इससे पहले भी 2022 में रूसी हमले का निशाना बन चुका है। कंपनी ने बताया कि उस हमले में एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और उसके एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत इस्पात कंपनी और रणनीतिक आर्थिक एवं सुरक्षा प्रतिष्ठान के रूप में आर्सेलरमित्तल क्रिवी रीह ने कहा कि रविवार के हमले से जुड़ी आगे की जानकारी ‘‘युद्धकालीन परिस्थितियों की आवश्यकताओं के अनुरूप’’ उपलब्ध कराई जाएगी।
यह मिसाइल हमला ऐसे समय हुआ है जब यूरोप में जारी रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच दोनों देश लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं।