रूस के मिसाइल हमलों से यूक्रेन के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से थर्राए, सात लोगों की मौत और कई घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 30, 2026

कीव, 30 जुलाई (एपी) रूस ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात यूक्रेन के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक कई स्थानों पर मिसाइल और अन्य हथियारों से हमले किए, जिनमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक जनहानि पूर्वी निप्रोपेत्रोव्स्क और पश्चिमी ल्वीव क्षेत्रों में हुई।

इनमें छह वर्षीय एक बच्ची तथा 11 और 17 वर्ष के दो किशोर शामिल हैं, जिनकी मौत क्रिवी रीह क्षेत्र में हुई। ल्वीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख मक्सिम कोजित्स्की ने बताया कि रूसी मिसाइल हमले में घायलों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है और बचाव अभियान जारी है। ल्वीव के महापौर आंद्री सादोवी ने बताया कि शहर पर तड़के करीब 4.45 बजे हमला किया गया।

दो रिहायशी इमारतों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा, जबकि 20 से अधिक आवासीय भवन, एक स्कूल और दो किंडरगार्टन भी क्षतिग्रस्त हुए। उन्होंने कहा कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजधानी कीव में रूसी बलों ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 31 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

राष्ट्रीय पुलिस की प्रेस सेवा ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हमले में शहर की रिहायशी इमारतों, एक बाजार, गैराज परिसर, भंडारण सुविधाओं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। कीव क्षेत्र के ब्रोवेरी जिले में भी पांच लोग घायल हुए हैं।

कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख रुसलान ओलियीनिक ने फेसबुक पर बताया कि घायलों में एक नाबालिग और दो महिलाएं शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

पीएम मोदी ने की High-Level Meeting, Middle East संकट पर India की Energy Security पर मंथन

MCD लाया PPP model के तहत दिल्ली स्कूल स्टेडियम सुधार नीति, छात्रों को फ्री कोचिंग

West Bengal के Birbhum में फरार व्यापारी के रिश्तेदार से 28.5 करोड़ नकदी और सोना जब्त

NEET Paper Leak: खड़गे बोले, PM-HM ने चुप्पी साधी, अब कुर्सी बचाने के लिए लाया गया Anti-Paper Leak Bill