By Kusum | Jun 10, 2025
ऋतुराज गायकवाड़ को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने इंग्लैंड की उड़ान भरने की तैयारी कर ली है। टीम इंडिया 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज करेगी और ऋतुराज गायकवाड़ 22 जुलाई से इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में खेलते दिखेंगे। उन्होंने यॉर्कशायर ने काउंटी चैंपियनशिप में पूरे सीजन के लिए साइन किया है। गायकवाड़ आईपीएल 2025 के बीच में चोट के कारण से हट गए थे और टीम प्लेऑफ की रेस से न सिर्फ सबसे पहले बाहर हुई बल्कि आखिरी स्थान पर भी रही। हालांकि, उनके घरेलू प्रदर्शन को देखते हुए इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम में चुने जाने की उम्मीद थी लेकिन उनका सेलेक्शन नहीं हुआ।
गायकवाड़ ने अपने बेहतरीन घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने 2016-17 रणजी ट्रॉफी में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया और तब से महाराष्ट्र टीम की कप्तानी कर रहे हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका औसत 41.77 है, जिसमें सात शतक शामिल हैं, जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में 56.15 का औसत और 16 शतक उनकी क्षमता दर्शाती है।