S Jaishankar ने भारत की जी20 अध्यक्षता, Security Council में सुधारों पर संयुक्त राष्ट्र नेतृत्व से चर्चा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2023

संयुक्त राष्ट्र/ न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यहां संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात की और भारत की जी20 अध्यक्षता, क्षेत्रीय मामलों एवं वैश्विक चुनौतियों, सतत विकास लक्ष्यों और सुरक्षा परिषद में सुधारों को लेकर उनके साथ चर्चा की। जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र में आम बहस को संबोधित करने से एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस और महासभा के 78वें सत्र के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस से वैश्विक संगठन के मुख्यालय में सोमवार को मुलाकात की।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान नौ और 10 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। जयशंकर ने गुतारेस से मुलाकात से पहले फ्रांसिस के साथ भी बैठक की और भारत की जी20 अध्यक्षता के परिणामों की सराहना करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। जयशंकर ने कहा, ‘‘भरोसा है कि यह संयुक्त राष्ट्र महासभा के विचार-विमर्श में योगदान देगा। बहुपक्षवाद में सुधार और हमारे समय के अहम मुद्दों पर ‘ग्लोबल साउथ’ को उसका हक दिलाने की महत्ता पर चर्चा हुई।’’ ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल उन विकासशील और अल्प विकसित देशों के लिए किया जाता है, जो मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लातिन अमेरिका में स्थित हैं। फ्रांसिस ने ‘एक्स’ के जरिए कहा कि उन्हें जयशंकर से मिलकर ‘‘खुशी’’ हुई और उन्होंने विदेश मंत्री को भारत की ‘‘सफल जी20 अध्यक्षता, विशेष रूप से ‘ग्लोबल साउथ’ के समर्थन में भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को लेकर बधाई दी।’’

फ्रांसिस ने कहा कि उन्होंने 78वें संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) सत्र की प्राथमिकताओं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार एवं सतत विकास लक्ष्य शिखर सम्मेलन के परिणामों को आगे बढ़ाने समेत प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। जयशंकर ने विशेष ‘इंडिया-यूएन फॉर ग्लोबल साउथ : डिलीवरिंग फॉर डेवलपमेंट’ (‘ग्लोबल साउथ’ के लिए भारत-संयुक्त राष्ट्र: विकास के लिए काम करना) कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए भी फ्रांसिस को धन्यवाद दिया। मंत्री ने शनिवार को न्यूयॉर्क में इस कार्यक्रम की मेजबानी की थी। जयशंकर ने स्टीनर के साथ अपनी बैठक में भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान की गई पहलों में यूएनडीपी की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक लाभ के मकसद से भारतीय सफलता की कहानियों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं।’’ जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से भी मुलाकात की।

उन्होंने बाद में ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद से मिलकर हमेशा खुशी होती है, इस बार न्यूयॉर्क में मुलाकात हुई। मैं हमारे द्विपक्षीय सहयोग के तेजी से आगे बढ़ने की सराहना करता हूं। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर दृष्टिकोण के हमारे नियमित आदान-प्रदान को महत्व देता हूं।’’ विदेश मंत्री ने बताया कि उन्होंने मेडागास्कर की विदेश मंत्री यवेटे सिल्ला के साथ भी बैठक की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘विकास साझेदारी, बाजरा और चावल उत्पादन, डिजिटल पहुंच और रक्षा सहयोग पर चर्चा की गई।’’ जयशंकर ने रविवार को यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सत्र से इतर मैक्सिको, बोस्निया एवं हर्जेगोविना और आर्मेनिया सहित कई देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की थीं, जिनमें बहुपक्षवाद में सुधार और जी20 में सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ था।

प्रमुख खबरें

Haryana Cabinet का बड़ा फैसला: पूर्व Agniveer को Group C भर्ती परीक्षाओं से मिली पूरी छूट

Himachal Cabinet ने सरकारी विभागों में 12 हजार पदों पर भर्ती को दी हरी झंडी

Khyber Pakhtunkhwa में आपातकाल लगाने पर विचार, Shehbaz Sharif और राष्ट्रपति जरदारी ने की समीक्षा

Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में