By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 22, 2026
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 22 सितंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र के इतर यहां विभिन्न देशों के अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे। जयशंकर ने सोमवार को अपनी बैठकों की शुरुआत फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बैरो के साथ मुलाकात से की।
उन्होंने इस मुलाकात को ‘‘बेहतरीन’’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने संबंधों को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।’’ जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस में विश्व के नेताओं को 26 सितंबर को संबोधित करेंगे।