दक्षेस आगे नहीं बढ़ रहा, इसका एक सदस्य सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा: जयशंकर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 06, 2024

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को कहा कि दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) ‘आगे नहीं बढ़ रहा’ है और पिछले कुछ साल में इसकी बैठकें भी नहीं हुई हैं क्योंकि इस क्षेत्रीय समूह का एक सदस्य ‘सीमा पार आतंकवाद’ को बढ़ावा दे रहा है।

विदेश मंत्री ने किसी देश का नाम लिए बगैर ऐसे समय में यह टिप्पणी की है जब वह इस्लामाबाद में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इसी महीने पाकिस्तान की यात्रा पर जाने वाले हैं।

वर्ष 2016 के बाद से दक्षेस बहुत प्रभावी नहीं रहा है और काठमांडू में साल 2014 में हुए अंतिम शिखर सम्मेलन के बाद से इसका कोई द्विवार्षिक शिखर सम्मेलन नहीं हुआ है।

जयशंकर ने यहां एक कार्यक्रम में दक्षेस के पुनरुत्थान से संबंधित एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘फिलहाल दक्षेस आगे नहीं बढ़ रहा है। इसकी कोई बैठक भी नहीं हुई है और इसकी बहुत साधारण सी वजह है कि इसका एक सदस्य दक्षेस के कम से कम एक सदस्य या उससे अधिक के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप सभी एक साथ बैठ रहे हैं और सहयोग कर रहे हैं और उसी समय इस प्रकार का आतंकवाद जारी है...यह वास्तव में हमारे लिए एक चुनौती है कि आप इसकी अनदेखी करते हैं और आगे बढ़ जाते हैं।

दक्षेस एक क्षेत्रीय समूह है जिसमें भारत, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। जयशंकर ने कहा, आतंकवाद ऐसी चीज है जो अस्वीकार्य है और वैश्विक दृष्टिकोण के बावजूद, यदि हमारा कोई पड़ोसी ऐसा करना जारी रखता है, तो उस पर रोक होनी चाहिए...यही कारण है कि हाल के वर्षों में दक्षेस की बैठक नहीं हुई है।

प्रमुख खबरें

Eknath Shinde बोले Hospital में भी Sharad Pawar को सता रही किसानों और सूखे की चिंता

Delhi में प्रदूषण से राहत नहीं, 22 स्टेशनों पर AQI 400 पार और औसत 366 दर्ज

Bhopal में 2500 टन कचरा उठना शुरू, CM Mohan Yadav से बैठक के बाद राहत मिली

Hockey India के चुनाव और ओडिशा इकाई के नोटिस पर High Court ने लगाई रोक