Asian Games Boxing: सचिन सिवाच 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 25, 2026

भारत के सचिन सिवाच ने जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह पर कड़े मुकाबले में जीत हासिल करके एशियाई खेलों की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सचिन को पहले दौर में बाई मिली थी। जाजेह के खिलाफ उन्होंने आक्रामक शुरुआत करते हुए कई पंच मारे।

इसके बाद मुकाबला जल्द ही रणनीतिक हो गया, क्योंकि दोनों मुक्केबाज जवाबी हमले करना चाहते थे। भारतीय मुक्केबाज ने तीन अंक से पहला राउंड जीता। दूसरे राउंड में भी कमोबेश यही स्थिति बनी रही जिसमें दोनों मुक्केबाज मुक्के जड़ने के लिए इंतजार करते रहे।

जाजेह ने पिछड़ने के बाद आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन सचिन ने भी पलटवार करने में किसी तरह की कोताही नहीं बरती। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सचिन ने दूसरा राउंड 4-1 से जीता। जाजेह अंतिम राउंड में अधिक आक्रामक हो गए और ताबड़तोड़ मुक्के बरसाने लगे, लेकिन सचिन डटे रहे और मुक्कों का जवाब देते रहे।

सचिन पर आखिर थकान हावी होती दिख रही थी। जाजेह ने इसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश की लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उनके प्रयासों को सफल नहीं होने दिया। सचिन अब पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।

वह क्वार्टरफाइनल में जापान के विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता शुनसुके कितामोतो से भिड़ेंगे। दिन में बाद में पिछले एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में अपना अभियान शुरू करेंगी।

प्रमुख खबरें

SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता

बिहार में Tiger Analytics स्थापित करेगी AI डिलीवरी सेंटर, Samrat Choudhary ने दी जानकारी

Haridwar Ardh Kumbh 2027: जूना अखाड़े के संतों का नगर प्रवेश, धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत

पंजाब चुनाव के लिए Congress की बैठक, Sachin Pilot ने साफ छवि और युवाओं पर दिया जोर