By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 22, 2026
भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भिवानी की 26 वर्षीय मुक्केबाज ने अपनी लंबाई और अच्छी पहुंच का फायदा उठाते हुए शुरुआत से ही विलेगास को दूर रखा और उन्हें हावी नहीं होने दिया। दोनों मुक्केबाजों ने शुरू में सतर्कता दिखाई लेकिन साक्षी जल्दी ही हावी हो गई।
साक्षी ने इस तरह से 51 किलोग्राम वर्ग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। वह मई में 54 किलोग्राम वर्ग से नीचे आई और उन्होंने चयन ट्रायल में दो बार की विश्व चैंपियन और पिछली बार की कांस्य पदक विजेता निकहत ज़रीन को हराया। पूर्व जूनियर और युवा विश्व चैंपियन साक्षी ने पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।