सैम डेलरिम्पल की Shattered Lands को मिला कमलादेवी चट्टोपाध्याय NIF Book Prize 2026

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

इतिहासकार सैम डेलरिम्पल को उनकी पहली पुस्तक ‘शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टिशन्स एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया’ के लिए बृहस्पतिवार को कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ पुस्तक पुरस्कार 2026 का विजेता घोषित किया गया। न्यू इंडिया फाउंडेशन (एनआईएफ) ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि डेलरिम्पल को 12 दिसंबर को 15वें बेंगलुरु साहित्य महोत्सव में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के तहत उन्हें 15 लाख रुपये की नकद राशि, एक ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

हार्पर कॉलिन्स की शाखा ‘फोर्थ एस्टेट’ द्वारा प्रकाशित ‘शैटर्ड लैंड्स’ को अंतिम सूची में शामिल पांच पुस्तकों में से चुना गया। इस पुस्तक में ब्रिटिश भारत के उन विभाजनों का वर्णन किया गया है, जिनके बारे में अपेक्षाकृत कम जानकारी उपलब्ध है। निर्णायक मंडल ने भारतीय उपमहाद्वीप को आकार देने वाली ऐतिहासिक और राजनीतिक शक्तियों के गहन एवं ज्ञानवर्धक विश्लेषण के लिए ‘शैटर्ड लैंड्स’ की सराहना की।

निर्णायक मंडल ने अपने प्रशस्ति पत्र में कहा, ‘‘गहन शोध और रोचक वर्णन शैली के जरिए सैम डेलरिम्पल ने उस क्षेत्र के आपस में जुड़े इतिहास को जीवंत कर दिया है, जो सीमाओं से विभाजित होने के बावजूद अपनी साझा ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा हुआ है।’’ उसने कहा, ‘‘इतिहास पर आधारित यह एक महत्वाकांक्षी और प्रभावशाली कृति है, जो विभाजन और उसके स्थायी प्रभावों को लेकर नए दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।’’ निर्णायक मंडल की अध्यक्षता राजनीति विज्ञानी नीरजा गोपाल जयाल ने की। इसमें टाटा संस और टाटा समूह के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, विधि फर्म ‘ट्राइलीगल’ के साझेदार राहुल मट्टन, इतिहासकार जाह्नवी फाल्के और श्रीनाथ राघवन, पूर्व राजनयिक निरुपमा राव तथा उद्यमी मनीष सभरवाल भी शामिल थे। दिल्ली में पले-बढ़े सैम डेलरिम्पल स्कॉटलैंड के इतिहासकार और पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता हैं।

इतिहासकार विलियम डेलरिम्पल के पुत्र सैम ने 2018 में ‘प्रोजेक्ट दास्तान’ की सह-स्थापना की थी। यह शांति स्थापना से जुड़ी एक पहल है, जिसका उद्देश्य भारत के विभाजन के कारण विस्थापित हुए शरणार्थियों को उनके अतीत से फिर से जोड़ना है। पुरस्कार के लिए अंतिम सूची में शामिल अन्य चार पुस्तकें नारायणी बसु की ‘ए मैन फॉर ऑल सीजन्स: द लाइफ ऑफ के. एम. पणिक्कर’, रोहित डे और ऑर्निट शानी की ‘असेंबलिंग इंडियाज कॉन्स्टिट्यूशन: ए न्यू डेमोक्रेटिक हिस्ट्री’, देवेश कपूर और अरविंद सुब्रमण्यन की ‘ए सिक्स्थ ऑफ ह्यूमैनिटी: इंडिपेंडेंट इंडियाज डेवलपमेंट ओडिसी’ तथा सुमना रमणन की ‘द सीक्रेट मास्टर: अरुण काशलकर एंड ए जर्नी टू द एज ऑफ म्यूजिक’ हैं।

न्यू इंडिया फाउंडेशन द्वारा 2018 में शुरू किए गए इस पुरस्कार का उद्देश्य भारत के सभी पहलुओं पर उच्च गुणवत्ता वाले शोध और लेखन को प्रोत्साहित करना है। इस पुरस्कार के लिए मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई या अंग्रेजी में अनूदित पुस्तकों पर विचार किया जाता है। इसमें कथेतर साहित्य की विभिन्न कृतियों को शामिल किया जाता है।

पिछले तीन वर्षों में यह पुरस्कार अपराजित रामनाथ (2025), अशोक गोपाल (2024) और अक्षय मुकुल (2023) को प्रदान किया गया था।

प्रमुख खबरें

Iowa में अमेरिकी सेना ने नष्ट किया Lead Azide का 5 टन भंडार

Wellington Test ड्रॉ होने के बाद Hagley Oval में New Zealand को हराने उतरेगा भारत

Ireland पहली बार करेगा Pakistan का ऐतिहासिक दौरा, जनवरी 2027 में खेली जाएगी ODI सीरीज

Belly Fat घटाने के लिए रोजाना 15 मिनट करें ये Standing Exercises, कुछ हफ्तों में मिलेगी पतली कमर