उत्तर प्रदेश Rajya Sabha चुनाव में सपा उतारेगी तीसरा प्रत्याशी, मंगलवार को होगा नामांकन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 06, 2026

लखनऊ, पांच अक्टूबर समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को कहा कि वह 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। मंगलवार को द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। भाजपा और सपा उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट पर होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं।

पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि जरूरी संख्याबल पूरा होने के बाद पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। अब हमारा तीसरा उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेगा। हमें भरोसा है कि हम भाजपा को करारी शिकस्त देंगे।” हालांकि, चांद ने यह नहीं बताया कि पार्टी का तीसरा उम्मीदवार कौन होगा।

इससे पहले पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इसी तरह के संकेत दिए थे। मंगलवार को यह साफ हो जाएगा कि 16 अक्टूबर के चुनाव में मुकाबला होगा या नहीं। सपा के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राज्य के पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप या पार्टी नेता राजपाल कश्यप संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं।

सपा नेता ने कहा, “अंतिम फैसला अखिलेश यादव करेंगे।” केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और बी. एल. वर्मा समेत उत्तर प्रदेश के सभी 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है, जिसकी वजह से राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं। इस बीच, लखनऊ सेंट्रल से सपा के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, समाजवादी पार्टी के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार के लिए नामांकन मंगलवार को होना है, और नामांकन पत्रों पर हस्ताक्षर करने के लिए आज विधायकों को बुलाया गया था।” उन्होंने कहा, “प्रस्तावक के तौर पर चुने गए 10 विधायक पहुंचे और उन सभी ने नामांकन फॉर्म पर हस्ताक्षर किए। कल पूर्वाह्न 11 बजे वे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

मेहरोत्रा से पूछा गया कि सपा के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है, ऐसे में पार्टी ने किस आधार पर तीसरा उम्मीदवार उतारने फैसला किया। इसपर मेहरोत्रा ने कहा कि अपमानित महसूस कर रहे राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पीडीए समुदाय के कई विधायक समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में वोट देंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार चुनाव जीतेगा।

मेहरोत्रा ने दावा किया कि सपा के तीसरे उम्मीदवार का नाम सभी को चौंका देगा।

प्रमुख खबरें

Maharashtra विधान परिषद चुनाव: Mahayuti और MVA में सीटों पर बढ़ी तकरार

Delhi Police की पत्रकारों को सलाह, प्रदर्शन कवरेज के समय वैध ID कार्ड साथ रखें

Rajya Sabha Election: उप्र में BJP के 8 प्रत्याशी सीएम योगी की मौजूदगी में आज भरेंगे पर्चा

Allahabad HC ने UP के 4 वरिष्ठ IAS अधिकारियों पर तय किए अवमानना आरोप