Sambhal में 24 कोसी परिक्रमा शुक्रवार से, 5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

संभल में 68 प्राचीन तीर्थ स्थलों और 19 कुओं की ऐतिहासिक 24 कोसी परिक्रमा शुक्रवार से वंश गोपाल तीर्थ से शुरू होगी और करीब 52 किलोमीटर लंबी दो दिवसीय परिक्रमा में पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई, प्रकाश, चिकित्सा दलों, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर भोजन और ठहरने के इंतजाम भी किए गए हैं। खंडेलवाल ने बताया कि चंद्रेश्वर तीर्थ, भूमेश्वर तीर्थ और वंश गोपाल तीर्थ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों में परिक्रमा में तीन से चार लाख श्रद्धालु शामिल हुए थे, जबकि इस बार पांच लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

खंडेलवाल ने कहा कि सुरक्षा के लिए परिक्रमा मार्ग पर 400 से 450 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और मजिस्ट्रेट तथा आपातकालीन दल भी ड्यूटी पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा और इनके जरिये पुष्पवर्षा की भी योजना है। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और मेला क्षेत्रों में पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तैनात रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेंगे।

प्रमुख खबरें

Surya Dev और छठी मइया की उपासना से मिलता है संतान रक्षा और मातृत्व का आशीष

RBI के पास कंपनियों के ECB प्रस्ताव सितंबर में 13.3 प्रतिशत घटे

गांव के खेतों में ऐसा कौन सा राज दफन है? Kaali Kheti Trailer ने बढ़ाया सस्पेंस

खत्म होगी रूस-यूक्रेन की जंग? मैराथन मीटिंग के बाद पुतिन के दरबार में ट्रंप के खास दूत