By नीरज कुमार दुबे | Jan 03, 2025
संभल जामा मस्जिद से जुड़े मामले में ‘कोर्ट कमिश्नर’ ने एक विस्तृत सर्वेक्षण रिपोर्ट चंदौसी की अदालत में दाखिल कर दी है। हम आपको बता दें कि इस रिपोर्ट में सभी कोणों से की गयी वीडियोग्राफी भी शामिल है। यह सर्वेक्षण 19 और 24 नवंबर को किया गया था। ‘कोर्ट कमिश्नर’ रमेश सिंह राघव ने रिपोर्ट दाखिल करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि यह सर्वेक्षण संभल की शाही जामा मस्जिद का है जो कानूनी विवादों का केंद्र रहा है। राघव ने कहा कि यह सर्वेक्षण अदालत के निर्देश के मुताबिक किया गया और वीडियोग्राफी समेत संपूर्ण रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) को सौंपा गयी। बताया जा रहा है कि यह रिपोर्ट करीब 40-45 पृष्ठों की है। उन्होंने कहा कि उनके अस्वस्थ होने की वजह से रिपोर्ट दाखिल करने में देरी हुई लेकिन इसे पूरी गंभीरता के साथ बनाया गया है।
हम आपको याद दिला दें कि मुगल कालीन जामा मस्जिद का सर्वेक्षण करने के अदालत के आदेश के बाद 19 नवंबर को पहला सर्वेक्षण हुआ था और दूसरा सर्वेक्षण 24 नवंबर को किया गया था। उस दौरान हिंसा भड़क गई थी जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो गयी थी और कई अन्य घायल हो गये थे। हम आपको बता दें कि इस मस्जिद के हरिहर मंदिर होने का दावा किया गया है।