By एकता | Sep 07, 2026
सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' की शुरुआत हो चुकी है। शो में इस बार कई जाने-पहचाने सितारों ने एंट्री ली है। टीवी एक्ट्रेस माही विज भी बिग बॉस के घर का हिस्सा बनी हैं। लेकिन शो के पहले ही दिन माही का एक अलग अंदाज देखने को मिला, जिसने घरवालों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान खींच लिया है।
माही का यह अंदाज देखकर ईशा रिखी भी नाराज होती नजर आईं। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग माही विज के व्यवहार को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि माही इस सीजन में 'बिग बॉस की वैंप' की भूमिका में नजर आ सकती हैं।
माही विज के प्रोमो के सामने आने के बाद टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल का एक पोस्ट भी चर्चा में आ गया है। सना ने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स इसे माही विज से जोड़कर देख रहे हैं।
सना ने लिखा कि वह आमतौर पर बिग बॉस और उसके कंटेस्टेंट्स पर कमेंट नहीं करतीं, लेकिन इस सीजन में एक ऐसा कंटेस्टेंट है जिसके असली रंग से वह वाकिफ हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि अब दुनिया को भी उस शख्स का असली रंग देखने को मिलेगा। इसके बाद सना ने लिखा कि लोगों को पता है कि वह किसके बारे में बात कर रही हैं।
सना मकबूल और माही विज की दोस्ती किसी से छिपी नहीं थी। दोनों एक समय काफी अच्छी दोस्त हुआ करती थीं। उन्हें कई बार साथ में पार्टी करते और छुट्टियां मनाते हुए भी देखा गया था। हालांकि, इसी साल दोनों की दोस्ती में दरार आ गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो तक कर दिया। इससे पहले सना ने एक पोस्ट में अपनी एक्स-फ्रेंड का जिक्र करते हुए उसे 'डस्टबिन' कहा था। उस वक्त भी सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि सना का इशारा माही विज की तरफ था।
अब 'बिग बॉस 20' में माही की एंट्री और सना के इस पोस्ट के बाद दोनों की पुरानी दोस्ती एक बार फिर चर्चा में आ गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि माही का बिग बॉस के घर में सफर कैसा रहता है और क्या सना के लगाए इशारे सच साबित होते हैं।