सीएम शिवराज का ऐलान, लता दीदी के नाम पर इंदौर में खोली जाएगी संगीत अकादमी, महाविद्यालय और संग्रहालय
By अंकित सिंह | Feb 07, 2022
स्वर कोकिला और भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही देश में शोक की लहर दौड़ गई लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ मुंबई के शिवाजी पार्क में संपन्न हुआ। इन सब के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा ऐलान किया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में लता मंगेशकर के नाम से संगीत अकादमी स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संगीत महाविद्यालय भी होगा जहां बच्चे शुरू की साधना कर सकेंगे और संग्रहालय भी स्थापित होगा जिसमें उनके सभी गीत उपलब्ध रहेंगे। आपको बता दें कि लता मंगेशकर का जन्म इंदौर में ही हुआ था और वह इंदौर आया भी करते थीं। इससे पहले शिवराज ने आज स्मार्ट सिटी पार्क में भारत रत्न स्वर कोकिला स्वर्गीय लता दीदी की स्मृति में संगीत एवं गायन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले भोपाल के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ वट का पौधा रोपित किया। अपने बयान में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लता दीदी का जाना, करोड़ों भारतीयों की अनुभूति है कि उनकी व्यक्तिगत क्षति हुई है। उनके गीत हम सभी के जीवन में नव उत्साह और ऊर्जा का संचार करते थे। मेरे स्वयं के जीवन में ऐसी रिक्तता आई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इंदौर में लता जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। लता जी मात्र संगीत जगत की रोशनी नहीं थीं, बल्कि देशभक्ति का भी ऐसा हस्ताक्षर थीं, जिनसे पूरा देश प्रेरणा प्राप्त करता था। उनके जन्मदिन पर लता मंगेशकर पुरस्कार दिया जाएगा।