By अभिनय आकाश | Sep 30, 2026
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने बुधवार को पार्टी के ठाणे नेता प्रदीप पूर्णिकर की हत्या को लेकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और महाराष्ट्र सरकार पर अपना हमला तेज़ कर दिया। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे के असली मास्टरमाइंड शिंदे खेमे में ही थे। राउत ने महाराष्ट्र सरकार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अधीन गृह विभाग और ठाणे पुलिस की भी लोगों की सुरक्षा न कर पाने के लिए आलोचना की और पूछा कि क्या ठाणे गृह विभाग के नक्शे पर नहीं है। मंगलवार देर रात ठाणे के मानपाडा इलाके में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सेना (UBT) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णिकर की उनके ऑफिस के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनके परिवार ने इस हत्या के लिए ठाणे की पूर्व मेयर और शिवसेना की महिला विंग की प्रमुख मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे को जिम्मेदार ठहराया।
मीनाक्षी शिंदे ने कहा कि वह इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहतीं। उन्होंने कहा कि पुलिस को जांच करने दें और पता लगाने दें कि दोषी कौन है। मैं तब जवाब दूंगी। मैं छोटी-मोटी राजनीति में नहीं पड़ना चाहती।