By अंकित सिंह | Feb 03, 2026
मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों द्वारा लगातार नारेबाजी के बाद संसद के निचले सदन को कल सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाने पर भाजपा सांसदों की आपत्ति के बाद लोकसभा को दोपहर 3:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले दिन में, अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के बाद, एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए बधाई दी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने आठों सदस्यों का नाम लेते हुए सदन में प्रस्ताव रखा कि सदन की अवमानना करने और महासचिव तथा लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास आकर कागज उछालकर आसन की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उक्त सभी सदस्यों को नियम 374 (2) के तहत संसद के वर्तमान सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जाए। सदन ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी जिसके बाद बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित एक लेख का हवाला देते हुए मंगलवार को लोकसभा में एक बार फिर चीन के साथ सैन्य टकराव का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने मंगलवार को नरवणे की पुस्तक पर आधारित लेख को सत्यापित करते हुए सदन के पटल पर रखा। उनका कहना था कि मैं चाहता हूं कि इसे सत्यापित किया जाए, मैं इसे पटल पर रख रहा हूं।’ कांग्रेस नेता ने लेख का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसका चीन तथा पाकिस्तान के साथ संबंध है और यह राष्ट्रपति के अभिभाषण का प्रमुख हिस्सा है।
सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में वामपंथी उग्रवाद लगभग-लगभग समाप्त हो गया है और आगामी मार्च महीने तक यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में प्रश्नकाल में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को परंपरागत तरीके के साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाता है और इसमें वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य को दृष्टिगत रखा जाता है।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर आज चर्चा हुई। बजट सत्र यानि वर्ष के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है। उम्मीद की जा रही है कि चर्चा कल तक चलेगी और इसके पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में चर्चा का जवाब देंगे।
राज्यसभा में मंगलवार को कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने की बात सोशल मीडिया में आने और इस बारे में संसद को अवगत नहीं कराये जाने का मुद्दा उठाया जबकि सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बयान देगी तथा विपक्ष को गैर जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं करना चाहिए। उच्च सदन में आज प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित पार्टी के कई सदस्यों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर आसन का ध्यान भारत एवं अमेरिका के बीच हुए समझौते की ओर दिलाते हुए कहा, ‘‘यह क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है...ये देश के साथ धोखा हो रहा है।’’ इस पर सदन के नेता नड्डा ने आसन की अनुमति से कहा कि कल रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात एक ट्वीट कर कहा कि उन्होंने भारत पर लगाये जा रहे शुल्क (टैरिफ) को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया और उन्होंने प्रधानमंत्री को एक सच्चा दोस्त भी बताया।