Sansad Diary: इंदिरा गांधी भी ऐसा नहीं कर पाईं थीं, पाकिस्तान को लेकर ऐसा क्यों बोले एस जयशंकर

By अंकित सिंह | Mar 28, 2025

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है। आज की अगर हम बात करें तो राज्यसभा और लोकसभा में कुछ काम का जरूर हुए। हालांकि शुरुआत में समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर राज्यसभा में हंगामा देखने को मिला। भाजपा और कांग्रेस के सांसद आमने-सामने हो गए। दूसरी ओर लोकसभा में भी यह मामला उठा। भाजपा ने साफ तौर पर कहा कि राणा सांगा का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। राज्यसभा में सांसदों के निजी तौर पर लाए गए गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा हुई। लोकसभा ने समुद्री मार्ग से माल परिवहन विधेयक, 2024 पारित किया। 

विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार पाकिस्तान और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले व्यवहार पर करीब से नजर रखती है और उनके उत्पीड़न के मामलों को संयुक्त राष्ट्र समेत अनेक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर समय-समय पर उठाती रहती है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में फरवरी माह में हिंदुओं पर अत्याचार के 10 मामले, सिखों के उत्पीड़न के दो मामले और ईसाई समुदाय के एक व्यक्ति के साथ ज्यादती का एक मामला सामने आया। विदेश मंत्री ने इनमें अपहरण, जबरन धर्मांतरण और होली खेल रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मामले गिनाए। उन्होंने कहा कि एक मामला अहमदिया समुदाय से जुड़े लोगों के उत्पीड़न का भी सामने आया।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि ‘‘समुद्र द्वारा माल वहन विधेयक, 2024’’ माल भेजने वालों और ढुलाई करने वालों के बीच बेहतर तालमेल कायम करेगा और विश्वसनीयता को बढ़ाएगा। सदन ने विधेयक पर चर्चा के बाद, कुछ सरकारी संशोधनों के साथ इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया। यह विधेयक, कानून का रूप लेने के बाद ‘समुद्र द्वारा मालवहन अधिनियम, 1925’ की जगह लेगा। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को संसद को बताया कि 26 मार्च तक, पश्चिम बंगाल को छोड़कर, देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) में शामिल कर लिया गया है। नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत से लेकर एक मार्च 2025 तक इसके तहत 8.9 करोड़ से अधिक मरीज अस्पताल में भर्ती हुए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजीव प्रताप रूड़ी ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि विमान यात्राओं का भाड़ा अधिक होने के पीछे अनेक कारक हैं और जब तक छोटे शहरों में अवसंरचना का विकास नहीं होता किराया कम नहीं होगा। सदन में गैर-सरकारी कामकाज के तहत कांग्रेस सांसद शफी परम्बिल के ‘देश में हवाई यात्रा किराये के विनियमन के लिए उचित उपाय’ संबंधी निजी संकल्प पर पूर्व में हो चुकी चर्चा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सांसद ने अपने विचार रखे।

राज्यसभा की कार्यवाही

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों और मंत्रियों ने राजपूत राजा राणा सांगा के खिलाफ समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन की विवादित टिप्पणी की शुक्रवार को निंदा की और बिना शर्त माफी की मांग को लेकर राज्यसभा में हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा सदस्य अपने-अपने स्थानों पर खड़े हो गए और नारेबाजी करने लगे। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही तकरीबन आधे घंटे के लिए बाधित हुई। सभापति जगदीन धनखड़ ने कहा कि राणा सांगा राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं और उनके बारे में की गई अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन को उनकी एक कथित टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बाद राज्यसभा में बोलने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद विपक्षी सदस्यों ने शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान सदन से वॉकआउट किया।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने ‘‘बड़ी चुनौती’’ बन गए साइबर हमलों से निपटने के लिए व्यापक तकनीकी और कानूनी उपाय किए हैं। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान, वैष्णव ने बताया कि सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए लोगों में जागरूकता भी पैदा कर रही है। 

इसे भी पढ़ें: 'राणा सांगा का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान', सपा सांसद के बयान पर संसद में गरजे रविशंकर प्रसाद

देश को 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य में कृत्रिम मेधा प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान की अहम भूमिका होने का दावा करते हुए राज्यसभा में शुक्रवार को विभिन्न दलों के सदस्यों ने सरकार से शिक्षा एवं अनुसंधान तथा विकास पर अधिक ध्यान देने और इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने का अनुरोध किया। शुक्रवार होने की वजह से आज उच्च सदन में निजी कामकाज हुआ। निर्दलीय सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने सदन में अपना एक निजी संकल्प पेश करते हुए कहा कि आज अमेरिका, चीन और रूस जैसे देश तो प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपना प्रभुत्व बनाए हुए हैं लेकिन जापान, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जैसे देश एआई तथा अन्य अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों की वजह से तेज गति से प्रगति कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Nayara Energy ने बढ़ाए Petrol-Diesel के दाम, टंकी फुल कराने की मची होड़

जब बुलावा आएगा, Rahul Gandhi भी आएंगे, Ayodhya में दर्शन के बाद बोले दिग्विजय सिंह

हम Kerala की A-Team हैं, Shashi Tharoor का बड़ा दावा- Congress जीतेगी 100 सीटें

CAG Report से Kejriwal के शीश महल का सच आया सामने, BJP बोली- Delhi की जनता का पैसा लुटाया, जारी किया Video