उप्र: संत गुरु रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर 27 राज्यों में भेजी जाएगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

वाराणसी (उप्र), 28 जुलाई संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सीर गोवर्धन स्थित उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश सहित 27 राज्यों में भेजी जाएगी जहां गांव-गांव और बस्ती बस्ती में उसका पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को प्रसारित किया जाएगा। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ लाल सिंह आर्य ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास महाराज की जन्मस्थली पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और देशभर से संत समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को सभी 131 कलश वाहनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों, देश के 27 राज्यों और छह क्षेत्रों के लिए रवाना किए जाएंगे। इन कलशों के माध्यम से रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी देशभर के गांवों और बस्तियों तक पहुंचाई जाएगी जहां उसका पूजन किया जाएगा। आर्य ने बताया भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 से लेकर 20 फरवरी 2027 तक देशभर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास सामाजिक समरसता अभियान चलाने जा रही है जिसका मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है।’’ उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को देशभर के मंदिरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा और कलश वंदन के माध्यम से समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

प्रमुख खबरें

कमजोर मांग से Soybean Oil और बिनौला तेल गिरे, मूंगफली में सुधार

Hamirpur में संपत्ति विवाद के चलते बुजुर्ग मां की हत्या, आरोपी बेटा आनंदी यादव गिरफ्तार

BRICS New Delhi Declaration में भारतीय विदेश नीति की दूरदर्शिता दिखी: Himanta Biswa Sarma

13 September History: दिल्ली में 2008 के सिलसिलेवार धमाकों समेत जानें देश-दुनिया की अहम घटनाएं