By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 01, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि जन शिकायतों और समस्याओं के समाधान में लापरवाही अक्षम्य है और शिकायतकर्ता की संतुष्टि और उसकी प्रतिक्रिया ही अधिकारियों के प्रदर्शन का वास्तविक पैमाना होगा।
उन्होंने कहा कि जन शिकायतों और समस्याओं के समाधान में लापरवाही अक्षम्य है। आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हो रही प्रत्येक जन शिकायत और समस्या का शिकायतकर्ता की दृष्टि से संतुष्टिपरक समाधान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और जनहित सर्वोपरि है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और उसका फीडबैक ही अधिकारियों के प्रदर्शन का वास्तविक पैमाना होगा।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि सभी जिलों में ‘एण्टी रोमियो स्क्वॉड’ की गतिविधियां और तेज की जाएं साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी नवरात्रि में ‘मिशन शक्ति’ का नया चरण प्रारम्भ होगा, इसके लिए सभी जिलों में प्रशासन अभी से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करे।